यूपी में भीषण सड़क हादसा: ऑटो पर पलटा अनियंत्रित ट्रेलर, 3 लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के नारायणपुर सिकिया मोड़ के पास शनिवार रात में एक अनियंत्रित ट्रेलर के ऑटो के उपर पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए वाराणसी में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मीणा ने बताया एक टेलर ट्रक सोनभद्र जिले की ओर से रात लगभग नौ बजे वाराणसी जा रहा था, जिसपर राखड़ लदा था। वाराणसी सोनभद्र राजमार्ग पर स्थित नारायणपुर सिकिया मोड़ पर एक सवारी से भरी एक टैम्पो पहले से खडी थी। ट्रेलर अनियंत्रित होकर टैम्पो पर पटल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को बाहर निकाला जिसमें टैम्पो में सवार लंका वाराणसी निवासी मोहन राजभर (52) पुत्र गुल्लू लंका का ही निवासी दूसरा सवारी अंजाना (45) एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। घायल फरीदपुर निवासी चुलबुल व शहादत तथा रामनगर निवासी बाबू सोनकर को बाहर निकाल कर वाराणसी इलाज के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है। टेलर और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मीणा ने बताया कि अज्ञात मृतक के शिनाख्त की कार्यवाही की जा रही है




