छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे 13 लोगों की दर्दनाक मौत, भारी वाहन से टक्कर के बाद SUV के उड़े परखच्चे

झारखंड के रामगढ़ जिले में बीती रात एक तेज रफ्तार एसयूवी के भारी वाहन से टकरा जाने के कारण पांच महिलाओं और दो बच्चों समेत बिहार के 13 लोगों की मौत हो गई, तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बीती रात करीब ढाई बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुआ। रा मगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन ने कहा, ”एसयूवी की भारी वाहन से टक्कर होने के कारण उसमें सवार 13 लोगों की मौत हो गई। एसयूवी में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के निवासी थे।” रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ”हादसे के बाद भारी वाहन का चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। हम उसकी तलाश कर रहे हैं। टक्कर के प्रभाव से एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।” उन्होंने बताया कि हादसे के समय सभी लोग रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे थे।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के विस्तृत विवरण का पता लगाया जा रहा है और इसके कारणों की जांच जारी है। रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा, ”हादसा बीती रात करीब दो बजे हुआ। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। करीब ढाई बजे सभी को रामगढ़ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में इलाज किया जा रहा है।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में 13 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।




