चिरकुंडा में नवजात की मौत पर नर्सिंग होम में हंगामा, समझौता


लोटस नर्सिंग होम एवं चाइल्ड केयर सेंटर में इलाजरत दो दिनों के नवजात की मौत पर परिजनों ने गुरुवार अलसुबह को हंगामा मचाया. सूचना पर चिरकुंडा पुलिस व स्थानीय कुछ लोग पहुंचे. डॉक्टर द्वारा डेढ़ लाख रुपये मुआवजा देने की सहमति के बाद परिजन मृत बच्चे को लेकर वहां से चले गये. बताया जाता है कि निरसा गोपालगंज निवासी गिरधारी धीवर की पत्नी ममता धीवर ने मंगलवार की सुबह निरसा स्थित डॉ अवंतिका के हॉप नर्सिंग होम में नवजात को नॉर्मल तरीके से जन्म दिया. बच्चे की स्थिति को देखते हुए डॉ अवंतिका ने इलाज के लिए बच्चे के डॉक्टर के पास भेजा. बच्चे के पिता बच्चे को लेकर लोटस नर्सिंग होम पहुंचे और मंगलवार की सुबह छह बजे भर्ती किया. इलाज के क्रम में गुरुवार अलसुबह उसकी मौत हो गयी. उसके बाद हंगामा किया गया. परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण नवजात की मौत हुई है. सूचना पर चिरकुंडा पुलिस पहुंची और शांत किया. इस संबंध में डॉ एसके केसरी ने कहा कि बच्चे को एनआइसीयू में भर्ती किया गया था. लेकिन इलाज के क्रम में नवजात की मौत हो गयी. परिजनों द्वारा इलाज में लापरवाही की बात निराधार है.


