वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ प्रो. ए. के. रावत के निधन पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने व्यक्त किया शोक


भोपाल। 7 दिसम्बर 2025’उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् एवं मार्गदर्शक प्रो. ए. के. रावत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रो. रावत का निधन केवल चिकित्सा जगत ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण शैक्षणिक एवं शिशु स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने चार दशकों से अधिक समय तक शिशु रोग चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएँ देकर असंख्य विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों को दिशा दी। एक उत्कृष्ट शिक्षक, कुशल चिकित्सक एवं संवेदनशील मानव के रूप में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रो. रावत ने सहायक प्राध्यापक से लेकर विभागाध्यक्ष, प्राचार्य एवं अधिष्ठाता जैसे दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिस निष्ठा, अनुशासन एवं मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। सेवानिवृत्ति के पश्चात भी उन्होंने नवजात शिशु पुनर्जीवन एवं बाल पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में युवा चिकित्सकों को प्रशिक्षण देकर समाज सेवा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजन, सहयोगियों एवं शिष्यों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं।



