खबरमध्य प्रदेश

जायका टीम ने किया भोपाल में एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइन एवं महावड़िया सबस्टेशन का सूक्ष्‍म मूल्‍यांकन

सबस्‍टेशन बनने से हुए लाभ के संबंध में स्‍थानीय व्‍यापारियों से किया वार्तालाप

भोपाल । जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) द्वारा मध्यप्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण हेतु मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में संचालित जायका-2 वित्त पोषित विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत भोपाल में हुए कार्यों का विस्तृत निरीक्षण कर उनका सूक्ष्‍म मूल्‍यांकन किया गया। जायका जापान की इवैल्यूएटर सुश्री हिसाए ताकाहाशी एवं जायका के भारतीय प्रतिनिधि श्री कुनाल गुप्ता ने निर्माण कार्यों, उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन की बारीकी से जांच-पड़ताल की।

* महावड़िया सबस्टेशन एवं लाइन का किया निरीक्षण-

निरीक्षण के दौरान टीम ने सर्वप्रथम 132 केवी सबस्टेशन महावड़िया तथा इसके लिए निर्मित 132 केवी महावड़िया-मुगलियाछाप डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निरीक्षण कर सूक्ष्‍म मूल्‍यांकन किया। इवैल्यूएटर सुश्री ताकाहाशी ने लोन स्वीकृति के समय प्रस्तुत प्रारंभिक योजना, परियोजना के क्रियान्वयन, स्थापित उपकरणों की गुणवत्ता, लागत एवं रखरखाव से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

-सबस्‍टेशन के संचालन-संधारण संबंधित जानकारी प्राप्‍त की-

जायका टीम ने सबस्‍टेशन के संचालन एवं संधारण कार्यों की जानकारी, पदस्थ कर्मचारियों की योग्‍यता और उनके दैनिक कार्यों का विवरण, आपातकालीन स्थिति से निपटने की कार्ययोजना तथा सबस्‍टेशन से पर्यावरण को होने वाले वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण के संबंध में भी जानकारी ली। निरीक्षण उपरांत जायका टीम ने सबस्टेशन एवं ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

-उपयोगिता जानने के लिए व्‍यापारियों से की चर्चा-

जायका द्वारा वित्त पोषित फंड से निर्मित महावड़िया सबस्टेशन की उपयोगिता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ-साथ जायका टीम ने सबस्‍टेशन के नजदीक स्थित व्‍यापारियों के प्रतिष्‍ठानों में जाकर उनका प्रत्यक्ष फीडबैक भी लिया।
व्‍यापारियों ने बताया कि सबस्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब उन्हें पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली मिल रही है, जिससे व्‍यापार के संचालन करने में अब उन्‍हे आसानी हो रही है। इससे उनके आर्थिक एवं सामाजिक स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

-ये अधिकारी रहे उपस्थित-

निरीक्षण के दौरान एमपी ट्रांसको के अतिरिक्‍त मुख्‍य अभियंता राजेश शांडिल्‍य, अधीक्षण अभियंता जे.पी. रमपुरिया ,कार्यपालन अभियंता राजेश्‍वर सिंह ठाकुर , अतुल नावर, रवि चौरसिया, सहायक अभियंता अनिल आचार्य काटे, अंकित मेहरोलिया, श्‍याम सिंह ठाकुर सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button