खबर

लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: इटावा के डीएफओ समेत दो की मौत, डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी थी कार

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह नींद की एक झपकी दो लोगों के लिए काल बन गई। माइलस्टोन 68.800 (थाना नगला खंगर क्षेत्र) पर एक बेकाबू स्कॉर्पियो-एन डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रही एक्सयूवी 700 से टकरा गई। इस भीषण हादसे में इटावा के डीएफओ ( डिस्ट्रिक्ट फारेस्ट ऑफिसर) विकास नायक और उनके चालक देवांश की इलाज के दौरान सैफई पीजीआई में मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 10:30 बजे हरियाणा से लखनऊ की ओर जा रही स्कॉर्पियो-एन को कोलकाता के राज, हॉट मेन रोड निवासी डेबिट वेरी योग गोत्र डिसूजा चला रहे थे। गाड़ी में उनकी 65 वर्षीय पत्नी भी सवार थीं। माइलस्टोन 68.800 के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। गाड़ी लेफ्ट साइड से डिवाइडर को तोड़ती हुई दूसरी ओर राइट हैंड साइड की लेन में पहुंच गई।

इसी दौरान लखनऊ की तरफ से आ रही एक्सयूवी 700 से स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। एक्सयूवी में इटावा डीएफओ विकास नायक, उनके चालक देवांश सहित तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे का  गश्ती दल नंबर 4, पीआरबी 5618, नगला खंगर थाना पुलिस और सहायक सुरक्षा अधिकारी (पैकेज-2) फूल सिंह अपनी  टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के जरिए सभी गंभीर घायलों को तत्काल सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया।अस्पताल में इलाज के दौरान एक्सयूवी चालक देवांश और इटावा के डीएफओ विकास नायक की दुखद मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही इटावा वन विभाग का स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी सैफई अस्पताल पहुंच गए। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद सुरक्षा टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर पुलिस चौकी भिजवाया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात पुनः सुचारू हो सका।  डिप्टी एसपी सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि दुखद घटना हुई है। हादसे में डीएफओ इटावा सहित दो की मृत्यु हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button