रंग पंचमी पर भव्य चल समारोह, टी-20 वर्ल्ड कप की प्रतीकात्मक ट्रॉफी बनी आकर्षण का केंद्र


भोपाल। रंग पंचमी के पावन अवसर पर क्षेत्र में भव्य और उत्साहपूर्ण चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन और युवाओं ने भाग लेकर रंगोत्सव का आनंद लिया। ढोल-ताशों, गुलाल और रंगों के बीच पूरा माहौल उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
इस चल समारोह में भोपाल किराना व्यापारी संघ के महामंत्री विवेक साहू द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप की प्रतीकात्मक ट्रॉफी लेकर चलना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही ट्रॉफी चल समारोह में पहुंची, उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
चल समारोह में मौजूद हर होलियारा इस प्रतीकात्मक वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ फोटो लेने के लिए उत्साहित नजर आया। लोगों ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाई और भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप में विजय प्राप्त हो, इसके लिए शुभकामनाएं भी दीं।
रंग, गुलाल और देशभक्ति के उत्साह के साथ निकले इस चल समारोह ने रंग पंचमी के पर्व को और भी यादगार बना दिया।



