खबर

जासूस जवान की कहानी: हाथरस में शादी, दुबई में हनीमून, पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले के खर्चे देख सब हैरान

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने वाले भारतीय नौसेना का जवान आदर्श कुमार उर्फ लकी को यूपी एटीएस ने मंगलवार को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। एटीएस ने उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

एटीएस के मुताबिक, केरल के कोच्चि में दक्षिण नेवल कमांड में तैनात आगरा निवासी आदर्श कुमार सामरिक महत्व की सूचनाएं आईएसआई को भेज रहा था। उसने कुछ युद्धपोतों की तस्वीरें और लोकेशन आईएसआई के अपने हैंडलर को भेजी थी, जिसके बदले उसके खाते में रकम भेजी गई।

पाकिस्तानी एजेंट की निगरानी के दौरान आदर्श का नाम सामने आने पर एटीएस ने उस पर नजर रखनी शुरू की। आईएसआई एजेंट द्वारा उसके खाते में रकम भेजने की पुष्टि के बाद उसे दबोच लिया गया।

शादी के लिए छुट्टी लेकर घर आया था नौसेना का जवान
गांव चीतपुर निवासी आदर्श उर्फ लकी भारतीय नौसेना में सात वर्ष पहले भर्ती हुआ था। यूपी एटीएस को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने की जानकारी काफी समय से थी। आरोपी की 19 फरवरी को शादी हुई थी और वह हनीमून मनाने के लिए दुबई गया था।

दो दिन पहले लौटने के बाद पुख्ता साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। अकोला के एसजी स्कूल से 12वीं पास करने के बाद आदर्श नौसेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। आदर्श नौसेना में काम कर रहा था, लेकिन उसके खर्च देखकर गांव के लोगों में चर्चा होती रहती थी।

उसकी शादी हाथरस निवासी युवती से तय होने के बाद 12 फरवरी को वह छुट्टी लेकर गांव आया था। वह गांव का पहला ऐसा युवक था जो शादी के बाद हनीमून के लिए विदेश गया था। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने की जानकारी के बाद गांव में चर्चा का बाजार गर्म है।

परिवार के लोग उसकी इस करतूत पर शर्मिंदा हैं। वे लोगों से आदर्श को गलत फंसाए जाने की बात कह रहे हैं। इस संबंध में जानकारी करने के लिए पत्रकार जब उसके घर पहुंचे तो घरवालों ने दरवाजे बंद कर लिए और कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नौसेना के अधिकारी भी उसकी संलिप्त्ता की जांच कर रहे हैं।

पिता करते हैं शराब की ठेकेदारी
गांव के लोगों के अनुसार आदर्श के पिता बलबीर सिंह शराब की ठेकेदारी करते हैं। आदर्श की तीन बहनें हैं और वह अपने परिवार में सबसे छोटा है। किसी को यह यकीन नहीं हो रहा है कि रुपयों के लिए आदर्श ऐसा कर सकता है।

बीते वर्ष जासूसी के आरोप पकड़ा गया था ऑर्डिनेंस फैक्टरी का चार्जमैन
आइएसआई के लिए जासूसी के मामले में बीते वर्ष मार्च में फिरोजाबाद की ऑर्डिनेंस फैक्टरी के चार्जमैन रविंद्र कुमार को एटीएस ने आगरा से गिरफ्तार किया था।

वह फेसबुक पर आइएसआई की हैंडलर नेहा नाम की प्रोफाइल पर चैटिंग कर खुफिया जानकारी देता था। इसके अलावा वर्ष 2015 में बांग्लादेशी मोहम्मद एजाज एअरफोर्स स्टेशन के पास रेकी कर जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button