खबरछत्तीसगढ़

बलरामपुर में फिर मिली अवैध अफीम की खेती, प्रशासन में हड़कंप, सीमावर्ती गांवों में बढ़ाई गई सर्चिंग

जिले में लगातार दूसरे दिन अवैध अफीम की खेती मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। ताजा मामला करोंधा थाना क्षेत्र के चंदाडांडी गांव का है, जहां खेत में अफीम की फसल लहलहाती हुई दिखाई देने की सूचना सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि खेत की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डेरा डाल दिया है और पूरी रात निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस टीम खेत और आसपास के क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या साक्ष्य नष्ट होने की आशंका को रोका जा सके।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में करीब तीन एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। लगातार दूसरे दिन इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं।

जानकारी के अनुसार चंदाडांडी गांव झारखंड सीमा से लगा हुआ क्षेत्र है। ऐसे में सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया है। आसपास के गांवों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध खेती से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अवैध अफीम की खेती के पीछे किन लोगों का हाथ है और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। हालांकि मामले की आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार किया जा रहा है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button