मध्य प्रदेश

बुकिंग किसी की, सिलेंडर किसी और को गैस एजेंसियां ब्लैक में बेच रहीं सिलेंडर

गैस एजेंसियों ने ईरान-अमेरिका जंग में भी आपदा में अवसर तलाश लिया

भोपाल। गैस एजेंसियों ने ईरान-अमेरिका जंग में भी आपदा में अवसर तलाश लिया है। हालात ये हैं कि जिन उपभोक्ताओं ने सिलेंडर के लिए बुकिंग की है उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहे अलबत्ता किसी और को सिलेंडर दिए जा रहे हैं। शहर में रसोई गैस की किल्लत लगातार जारी है। कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है। हालांकि सिलेंडर केवल उन्हें दिए जा रहे हैं, जिनके सालाना 12 सिलेंडरों के कोटे में सिलेंडर शेष हैं और पिछली डिलीवरी के बाद 25 दिन से अधिक का अंतर हो चुका है। भोपाल जिले में 46 गैस एजेंसियां हैं, जिनमें 25 से अधिक इंडेन की हैं और इनके उपभोक्ता भी सबसे ज्यादा हैं। दिन गुजरने के साथ ही लोगों को ईरान-अमेरिका-इजराइल जंग जल्द खत्म होते नहीं दिख रही। लोगों का कहना है कि सिलेंडर के बिना खाना कैसे बनेगा। जो लोग दिहाड़ी मजदूरी करते हैं उनके सामने तो स्थिति गंभीर है वो ना तो काम पर जा पा रहे हैं और ना ही सिलेंडर मिल रहा है। रोज कमाने खाने वाले लोगों का कहना है कि उन पर तो दोहरी मार पड़ रही है। दूसरी तरफ एजेंसियों में लंबी लाइन लग रही है लोग सिलेंडर लेने के लिए घंटों कतार में खड़े रहते है। रमजान का महीना चल रहा है और अगले हफ़्ते ईद है ऐसे में मुस्लिम धर्मावलंबियों के सामने तो गंभीर संकट है। गैस सिलेंडर की समस्या के कारण लोग में आक्रोश पनप रहा है। जिन लोगों ने बुकिंग की है उनके सिलेंडर किसी दूसरे को अधिक दाम पर ब्लैक में दिए जा रहे हैं। पुराने भोपाल में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। खासकर एचपी गैस के। सारा गैस एजेंसी से जुड़े एक उपभोक्ता ने सबूत दिखाते हुए कहा कि उसने मोबाइल से कुछ दिन पहले बुकिंग की थी तब जंग शुरू ही हुई थी। 12 मार्च को उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि आपको सिलेंडर डिलीवर कर दिया गया है जबकि उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं। ऐसे और भी उदाहरण सामने आ रहे हैं। इधर, एसडीएम रविशंकर राय ने दो ट्रक और एक अन्य ट्रक 25 सिलेंडरों सहित जब्त किया। एमपी नगर में विनीत गैस एजेंसी से 206 कमर्शियल सिलेंडर मिले। कोलार पुलिस ने 25 सिलेंडरों से भरी अवैध बोलेरो पकड़ी। इस तरह एक दिन में कुल 481 सिलेंडर जब्त हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button