तरंग प्रेक्षागृह में लिफ्ट का संचालन हुआ प्रारंभ: अब वरिष्ठजन व दिव्यांग भी देख सकेंगे कार्यक्रम
जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत परिवार के तरंग प्रेक्षागह में वरिष्ठजन व दिव्यांग की सुविधा की दृष्टि से स्थापित की गई लिफ्ट प्रारंभ हो गई। उल्लेखनीय है कि तरंग प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक व कला आयोजन में लिफ्ट न होने से वरिष्ठजन व दिव्यांग शामिल नहीं हो पाते थे। वरिष्ठजन व दिव्यांगों की इस विवशता को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश विद्युत परिवार ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तरंग प्रेक्षागृह में लिफ्ट स्थापित करने का निर्णय लिया। इस संबंध में तरंग प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का आयोजन करने वाली संस्थाओं द्वारा भी लिफ्ट सुविधा प्रारंभ करने का अनुरोध किया जा रहा था। लिफ्ट सुविधा प्रारंभ होने के समय मुख्य अतिथि के रूप में संस्कृतिकर्मी व समाज सेविका गीता शरत तिवारी एवं जबलपुर, दिल्ली व भोपाल की सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
तरंग प्रेक्षागृह में लिफ्ट सुविधा प्रारंभ करने के दौरान संस्कृतिकर्मी व समाज सेविका गीता शरत तिवारी, नीता शर्मा, डा. अंजना तिवारी, पारसी थिएटर के लिविंग लीजेंड व संगीतकार ज़फर संजरी, भोपाल से आए हुए वरिष्ठ रंग समीक्षक गिरिजाशंकर, दिल्ली से आए वरिष्ठ रंग व कला समीक्षक रवीन्द्र त्रिपाठी, शकील अख्तर, जबलपुर के रंगकर्मी हिमांशु राय, तपन बैनर्जी, बांके बिहारी ब्यौहार, मीना पांडे, आशीष पाठक, विवेक पांडे, प्रगति पांडे, आशुतोष द्विवेदी, इंदु श्रीवास्तव, अक्षय सिंह ठाकुर, सुप्रिया अम्बर, संतोष राजपूत, मनीष तिवारी, मनु तिवारी उपस्थित थे। जबलपुर और बाहर से आए रंग समीक्षक, साहित्यकारों, कलाकारों ने वरिष्ठजन व दिव्यांग दर्शकों की सुविधा के लिए लिफ्ट प्रारंभ करने हेतु मध्यप्रदेश विद्युत परिवार को साधुवाद दिया। तरंग प्रेक्षागृह में लिफ्ट प्रारंभ होने का यह सुफल रहा कि सीता वनवास नाटक के मंचन को कई वरिष्ठजन व दिव्यांग देख पाए।



