खेल

माइका हमानो के जादुई गोल से जापान बना एशिया का चैंपियन, रिकॉर्ड दर्शकों के सामने ऑस्ट्रेलिया को चटाई धूल, तीसरी बार जीता एशियन कप

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया में खेले गए विमेंस एशियन कप 2026 के रोमांचक फाइनल में जापान ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को खचाखच भरे स्टेडियम में 1-0 से हराकर तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। रिकॉर्ड 74,357 दर्शकों की मौजूदगी में टॉटनहम की स्टार माइका हमानो का जादुई गोल निर्णायक साबित हुआ। मैच का इकलौता और ऐतिहासिक गोल 17वें मिनट में आया, जब जापान की मिडफील्डर माइका हमानो ने पेनल्टी एरिया के बाहर से 25 गज की दूरी से एक शानदार लॉन्ग-रेंज शॉट लगाया, जो सीधे टॉप कॉर्नर में जा गिरा। इस जीत के साथ जापान ने 2014 और 2018 के बाद अपना तीसरा एशियन कप खिताब जीता। दिलचस्प बात यह है कि ये तीनों फाइनल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही थे और तीनों का स्कोरलाइन 1-0 रहा।

दर्शकों का टूटा रिकॉर्ड, महिला फुटबॉल का नया युग

यह टूर्नामेंट महिला फुटबॉल की बढ़ती लोकप्रियता का गवाह बना। पूरे टूर्नामेंट के दौरान 3,50,000 से अधिक फैंस स्टेडियम पहुंचे, जो 2010 (चीन) के पिछले रिकॉर्ड से लगभग छह गुना अधिक है। फाइनल मैच में 74,357 की उपस्थिति ने टूर्नामेंट के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड कायम किया।

वर्ल्ड कप 2027 के लिए 6 टीमों ने कटाया टिकट

यह एशियन कप अगले साल ब्राजील में होने वाले फीफा विमेंस वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी था। इस प्रदर्शन के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, उत्तर कोरिया और फिलीपींस ने विश्व कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। जापान ने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाए रखा और 6 मैचों में 29 गोल दागकर केवल एक गोल खाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button