क्षत्रिय राजपूत महासभा का युवक -युवती परिचय सम्मेलन आयोजित
सम्मेलन में 110 युवक -युवतियों ने अपने जीवनसाथी को लेकर बताई पसंद


भोपाल। क्षत्रिय राजपूत महासभा संपूर्ण भारत,भोपाल इकाई का युवक युवती परिचय सम्मेलन भोपाल के करोंद स्थित शिव पार्वती मंदिर प्रांगण में संपन्न हुआ।राजपूत समाज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रघुनाथ सिंह तोमर ने बताया कि कार्यक्रम में मप्र के सभी जिलों और अन्य राज्यों से आए युवक युवतियों और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे । वहीं राजपूत समाज के कोषाध्यक्ष जेएस परिहार ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 110 युवक- युवतियों ने अपना परिचय दिया और अपने जीवन साथी को लेकर अपनी-अपनी पसंद मंच से लोगों के बीच साझा की।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कुछ रिश्ते तो अभिभावकों की आपसी सहमति से कार्यक्रम के दौरान ही तय हो गए। रघुनाथ सिंह तोमर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सभी राजपूत सामाजिक बंधुओं को अपने-अपने बच्चों के लिए अच्छे और सही रिश्ते प्रदान करने के लिए समिति द्वारा इस तरह का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता रहता है। समाज के पदाधिकारी संजय सिंह परिहार ने कहा कि समाजिक बंधुओं को अपने बच्चों के लिए रिश्ते ढूंढने में किसी भी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े इसलिए परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धर्मवीर सिंह राजावत और चेतन सिंह तथा सभी वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं सदस्यगण विशेष रूप से बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महिला संगठन की जिला अध्यक्ष परमार और सुधा सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य यह है कि एक ही जगह पर युवक – युवतियों को अपना परिचय देने का मौका मिले और परिजनों को रिश्ते की तलाश के लिए भटकना नहीं पड़े।



