

नशेड़ी ने कहासुनी के बाद पत्नी के पेट में तलवार घोंप कर हत्या कर दी। आधे घंटे बाद बहन मंदिर से घर लौटी तो हत्या का पता चला। इस पर उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। नगला सिंघी थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में शुक्रवार शाम चार बजे हुई हत्याकांड से खलबली मच गई। एसपी सिटी, सीओ टूंडला मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित पति नशेड़ी था। वह चाहता था कि पत्नी मायके वालों से संपर्क न रखे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हत्या करने के समय घर में केवल छह माह की बच्ची ही थी। पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।
छह वर्ष पहले किया था प्रेम विवाह, बच्चों को बहन के साथ भेज दिया था मंदिर
पचोखरा क्षेत्र के गांव पमारी निवासी 27 वर्षीय सीमा देवी कुशवाह की पहली शादी फिरोजाबाद के सुहाग नगर निवासी युवक के साथ हुई थी। पति के शराब पीने और प्रताड़ना की वजह से वह एक वर्ष बाद ही पति को छोड़ कर मायके में आ गई थी। उसके पहले पति से एक बेटी थी। छह वर्ष पहले सीमा ने थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी गोविंद शुक्ला से प्रेम विवाह किया था। बेटी को भी वह अपने साथ ससुराल ले आई थी।
दूसरे पति से दो बेटियां हुईं, गोविंद नशा का आदी था
दूसरे पति से उसे दो बेटियां हुई। गोविंद नशा करने का आदी था। वह आए दिन नशे में पत्नी को पीटता था। शुक्रवार दोपहर तीन बजे गोविंद ने बच्चियों को बड़ी बहन लक्ष्मी के साथ गांव स्थित मंदिर पर नेजा देखने के लिए भेजा दिया। घर में दंपती के अलावा केवल छह माह की बच्ची थी। इसके बाद उसने तलवार घोंप कर पत्नी की हत्या कर फरार हो गया।
कमरे से छोटी बच्ची के रोने की आ रही थी आवाज
आधे घंटे बाद बहन बच्चियों को लेकर लौटी तो कमरे से छोटी बच्ची के रोने की आवाज आ रही है। इस पर उसने आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला तो कमरे में जाकर देखा। अंदर का नजारा देखकर चीख पड़ी। शोरगुल सुनकर मुहल्ले के लाेग जुट गए।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी सिटी और सीओ टूंडला
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ टूंडला अरुण चौरसिया और थानाध्यक्ष पारूल मिश्रा मौके पर पहुंचीं। सीमा के पेट में गहरा घाव था। इसके अलावा पेट और सीने पर तीन से चार घाव थे। सीमा के छह वर्ष, चार वर्ष और छह महीने की तीन बेटियां हैं। एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह में हत्या की बात सामने आ रही है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
सुबह साथ खाया था खाना, कैला देवी राजस्थान से लाया था तलवार
बहन लक्ष्मी ने बताया कि सुबह सभी ने एक साथ बैठकर खाना खाया था। भाई के मन में क्या चल रहा है, इसकी उसे भनक तक नहीं लगी। हालांकि भाभी के साथ मारपीट करने को लेकर वह पांच दिन से भाभी के साथ ही सो रही थी। क्योंकि उनका भाई दिनभर भांग और शराब के नशे में होकर भाभी के साथ मारपीट करता था।
लक्ष्मी ने बताया कि वह ऑटो चालक था, लेकिन कभी कभार ही ऑटो चलाने जाता था। बहन ने पुलिस को बताया कि उसका भाई हाल ही में कैला देवी राजस्थान गया था। जहां से वह तलवार लेकर आया था। उसी तलवार से उसने भाभी की हत्या की।



