खबरदेश

अंतरजातीय प्रेम-विवाह के विरोध में एक युवक की बेरहमी से हत्या

अंतरजातीय लव-मैरिज बना जानलेवा

बिहार में आज भी प्रेम-विवाह को लेकर समाज दो पक्षों में बंटा है. वहीं प्रदेश की सरकार अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा देती है, जबकि समाज में अंतरजातीय विवाह के खिलाफ लोग खड़े रहते हैं. लेकिन बिहार के नालंदा जिले में अंतरजातीय प्रेम-विवाह युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ है. शादी के महज 5 महीने बाद युवक की ईंट और पत्थरों से कूच कर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई है.

अंतरजातीय प्रेम-विवाह से गांव के लोग नाराज

नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की घोसी गांव में अंतरजातीय प्रेम-विवाह के विरोध में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान राजनंदन रविदास के 24 वर्षीय पुत्र सोनू रविदास के रूप में हुई है. ग्रामीणों के अनुसार, सोनू ने करीब पांच माह पूर्व अपनी मर्जी से अंतरजातीय प्रेम-विवाह किया था. इस विवाह को लेकर गांव के कुछ लोग लगातार नाराज चल रहे थे और उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया.

सोनू को घर से बुलाकर की मारपीट

बताया जा रहा है किज बीते शुक्रवार (17 अप्रैल) की सुबह गांव के कुछ लोग सोनू को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए. इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई. हमलावरों ने युवक को ईंट-पत्थर से कूच कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और काली स्थान के पास छोड़कर फरार हो गए.

PMCH में युवक की मौत

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल सोनू को इलाज के लिए पटना ले गए. जहां इलाज के दौरान शनिवार (18 अप्रैल) को पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पिता के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. एएसपी शैलजा और हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button