धमाकेदार जीत से दूसरे पायदान पर गुजरात, पंजाब, RCB को हुआ नुकसान


जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुभमन गिल और साई सुदर्शन की अर्द्धशतकीय पारियों के बाद करामाती खान की गेंदबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हरा दिया. इस धमाकेदार जीत का असर प्वॉइंट्स टेबल में भी दिखा है. इस मैच से पहले तक गुजरात का नेट रन रेट -.5 का था, जो अब +.228 हो गया है. गुजरात के अब 11 मैचों में 7 जीत और चार हार के बाद 14 अंक हैं और वो टेबल में दूसरे स्थान पर आ गई है. जबकि पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को गुजरात की जीत से नुकसान हुआ है.
ऐसा है प्वॉइंट टेबल का समीकरण
लीग के 52वें मुकाबले के बाद सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में पहले स्थान पर है. हैदराबाद के 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के बाद 14 अंक हैं. हैदराबाद का नेट रन रेट +0.737 का है. जबकि दूसरे स्थान पर गुजरात है. वहीं पंजाब किंग्स अब तीसरे स्थान पर खिसक गई है. पंजाब के 10 मैचों के बाद 13 अंक है. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 10 मैचों के बाद 12 अंक हैं. जबकि राजस्थान अब 11 मैचों में 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है.
अंक तालिका में छठे स्थान पर अभी चेन्नई सुपर किंग्स है, जिसके 10 मैचों में 10 अंक हैं. जबकि कोलकाता सातवें स्थान पर है और उसके 9 अंक हैं, जबकि दिल्ली के 8, मुंबई और लखनऊ के 6-6 अंक हैं. हैदराबाद के तीन मैच बाक हैं और वो अधिकतम 20 अंकों तक पहुंच सकती है, जबकि गुजरात भी इतने अंकों तक पहुंच सकती है. हालांकि, गुजरात का मुकाबला हैदराबाद से होना है, ऐसे में हैदराबाद और गुजरात में से कोई एक टीम 20 अंकों तक जाएगी. जबकि पंजाब 21, बेंगलुरु 20, राजस्थान 18 अंकों तक पहुंच सकती है.
ऐसा है समीकरण
जैसे-जैसे लीग आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के रास्ते बंद होते जा रहे हैं. दिल्ली, लखनऊ और मुंबई अधिकतम 14 अंकों तक पहुंच सकती है, जबकि हैदराबाद और गुजरात के पहले ही 14-14 अंक हैं. जबकि कोलकाता 17 अंकों तक पहुंच सकती है. वहीं चेन्नई अधिकतम 18 अंकों तक पहुंच सकती है. टॉप -5 पर मौजूद टीमें इन अंकों से आगे निकल सकती है और ऐसे में इन टीमों के लिए प्लेऑफ के रास्ते बंद हो सकते हैं.



