खबरविदेश

एलियंस होते हैं या नहीं? अमेरिका ने दुनिया के सामने रख दिया सीक्रेट दस्तावेज, पीट हेगसेथ बोले- सच्चाई खुद देखिए

क्या हम इस ब्रह्मांड में अकेले हैं या और कोई किसी जहान में बसता है? यानी क्या एलियन का अस्तित्व है? इस रहस्य से पर्दा उठाने के लिए अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया है. दशकों से गोपनीय रखी गई यूएफओ (UFO) यानी अनआइडेंटिफाइड एनोमैलस फेनोमेना (UAP) से जुड़ी फाइलों का पहला जत्था सार्वजनिक कर दिया गया है.

रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने एक्स (X) पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इन दस्तावेजों को लंबे समय तक क्लासिफिकेशन की आड़ में छिपाकर रखा गया था. अब समय आ गया है कि अमेरिकी जनता खुद इन तथ्यों को देखे.

ट्रंप ने दिए थे निर्देश?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सरकारी एजेंसियों को यूएफओ और पृथ्वी से बाहर जीवन की संभावना से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया था. ट्रंप ने कहा था कि इस विषय में जनता की जबरदस्त दिलचस्पी है और पारदर्शिता का समय आ चुका है. पेंटागन की नई वेबसाइट पर जारी इन 162 फाइलों में नासा के मिशनों के ट्रांसक्रिप्ट, एफबीआई के दस्तावेज और सैन्य कैमरों से रिकॉर्ड किए गए वीडियो शामिल हैं.

चांद पर ‘बज एल्ड्रिन’ का रहस्यमयी सामना

इन फाइलों में सबसे चौंकाने वाला खुलासा अपोलो 11 के अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन से जुड़ा है. एल्ड्रिन, जो चंद्रमा पर चलने वाले दूसरे व्यक्ति थे, उन्होंने 1969 के एक ‘डीब्रीफ’ (मिशन के बाद की पूछताछ) में बताया था कि उन्होंने चंद्रमा की सतह के करीब एक ‘काफी बड़ी’ वस्तु देखी थी. एल्ड्रिन और उनके चालक दल ने एक ‘काफी चमकीले प्रकाश स्रोत’ का भी जिक्र किया था.यह जानकारी अब तक आम जनता की पहुंच से दूर थी.

सिर्फ एल्ड्रिन ही नहीं, बल्कि 1972 के अपोलो 17 मिशन की एक तस्वीर भी चर्चा में है. इस तस्वीर में तीन बिंदु एक त्रिकोणीय आकार में नजर आ रहे हैं. पेंटागन ने इसके कैप्शन में लिखा है कि इस ‘विसंगति’ की प्रकृति पर फिलहाल कोई आम सहमति नहीं है, लेकिन शुरुआती विश्लेषण संकेत देते हैं कि यह कोई “भौतिक वस्तु” हो सकती है. अंतरिक्ष यात्रियों के ये अनुभव यूएफओ के अस्तित्व की थ्योरी को और मजबूती देते हैं.

दुनिया भर के सैन्य कैमरों में कैद हुए ‘उड़न तश्तरी’ जैसे नजारे

पेंटागन की ओर से जारी किए गए वीडियो फाइलों के संग्रह में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की फुटेज शामिल हैं. इसमें 2022 में पूर्वी चीन सागर के ऊपर एक ‘फुटबॉल’ के आकार की वस्तु देखी गई थी. इसके अलावा, पिछले कुछ वर्षों में इराक, सीरिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आसमान में भी कुछ ऐसे बिंदु देखे गए जो बहुत ही अजीब तरीके से और अलग-अलग गति से उड़ रहे थे. ये वीडियो सैन्य कैमरों से रिकॉर्ड किए गए हैं, जिन्हें अब तक ‘टॉप सीक्रेट’ माना जाता था.

दस्तावेजों में पुराने रिकॉर्ड भी शामिल हैं, जैसे 1947 की न्यूयॉर्क की एक रिपोर्ट. इसमें पैन एम एयरवेज के एक पायलट और नेविगेटर ने बताया था कि उन्होंने आसमान में एक ‘चमकीली नारंगी वस्तु’ देखी थी, जो कुछ ही सेकंड में बादलों के पीछे गायब हो गई. वहीं, सितंबर 2023 की एक एफबीआई रिपोर्ट में एक ड्रोन पायलट ने एक ऐसी वस्तु देखने का दावा किया था, जिसकी रोशनी इतनी तेज थी कि उसके भीतर की धारियां तक साफ नजर आ रही थीं.

एलियंस के कोई सबूत मिले?

नासा के नए प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने भी इस पारदर्शिता अभियान का समर्थन किया है. उन्होंने संकेत दिया कि अंतरिक्ष एजेंसी के आगामी मिशनों का एक बड़ा हिस्सा ब्रह्मांड में परग्रही जीवन की खोज पर केंद्रित होगा. इसाकमैन का मानना है कि इस बात की संभावना बहुत अधिक है कि हम ब्रह्मांड में अकेले नहीं हैं. हालांकि, पेंटागन के इन दस्तावेजों में अभी भी कोई निर्णायक सबूत नहीं मिला है कि ये वस्तुएं निश्चित तौर पर एलियंस की ही हैं.

भले ही इन फाइलों ने उत्साह बढ़ा दिया हो, लेकिन पेंटागन की पिछली रिपोर्टों में कुछ और ही कहा गया था. 2024 की शुरुआत में आई एक रिपोर्ट में पेंटागन ने निष्कर्ष निकाला था कि परग्रही गतिविधि के कोई पुख्ता सबूत नहीं हैं और अधिकांश साइटिंग्स मौसम से संबंधित गुब्बारों, पक्षियों या उपग्रहों की थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button