दिल्ली का दूसरा सबसे बड़ा सफल रनचेज, प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार; पंजाब के नाम अनचाहा रिकॉर्ड


मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी की घातक गेंदबाजी के बाद अक्षर पटेल और डेविड मिलर की तूफानी अर्धशतकीय पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया। सोमवार को धर्मशाला में खेले गए आईपीएल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब ने प्रियांश आर्या (56) और श्रेयस अय्यर (59*) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 19 ओवर में सात विकेट पर 216 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब के लिए अर्शदीप और यश ठाकुर ने दो-दो विकेट लिए जबकि बेन ड्वार्शुइस और मार्कस स्टोइनिस के नाम एक-एक विकेट रहा।
पंजाब के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ
दिल्ली का यह आईपीएल में किसी टीम के खिलाफ दूसरे सबसे बड़ा सफल रनचेज है। इससे पहले टीम ने जयपुर में राजस्थान के खिलाफ 226 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था। वहीं, पंजाब के नाम अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। पंजाब किंग्स आईपीएल की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसके नाम 200 से ज्यादा स्कोर का बचाव करते हुए सबसे ज्यादा शिकस्त दर्ज हैं। टीम ने नौ मुकाबले गंवाए हैं जबकि आरसीबी (सात), चेन्नई (छह) और कोलकाता (पांच) क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।



