खेल

सनराइजर्स का सफर समाप्त, IPL के दूसरे क्वालिफायर में पहुंची राजस्थान

गुजरात टाइटंस से होगी टक्कर

राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रनों से हराकर क्वालिफायर-दो में जगह बना ली। अब टीम का सामना गुजरात टाइटंस से 29 मई यानी शुक्रवार को होगा। बुधवार को मुल्लांपुर में खेले गए आईपीएल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी (97) और ध्रुव जुरेल (50) की तूफानी पारियों की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 243 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद 19.2 ओवर में सिर्फ 196 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई।

करो या मरो की स्थिति वाला होगा मुकाबला
राजस्थान और गुजरात के लिए क्वालिफायर-2 मुकाबला करो या मरो की स्थिति वाला होगा। इस मैच में जीतने वाली टीम 31 मई को गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ फाइनल मैच खेलेगी। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

राजस्थान की पारी
राजस्थान को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 48 गेंदों में 125 रन की साझेदारी की। वैभव ने 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 29 गेंदों में 12 छक्कों और पांच चौकों के साथ 97 रन की पारी खेली, जबकि जायसवाल ने 29 गेंदों में 29 रन जुटाए। आरआर ने 137 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 55 रन की साझेदार की। ध्रुव ने 21 गेंदों में तीन छक्कों और पांच चौकों के साथ 50 रन बनाए। इनके अलावा, डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने 12-12 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से प्रफुल हिंगे ने 54 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट निकाले। इसके अलावा, ईशान किशन, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

हैदराबाद की पारी
इसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद 19.2 ओवरों में 196 रन पर सिमट गई। इस टीम को दूसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) के रूप में बड़ा झटका लग गया था, जिसके बाद ईशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए महज 15 गेंदों में 51 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी, लेकिन ईशान (33) के पवेलियन लौटते ही टीम बिखर गई।

आलम ये रहा कि एसआरएच ने 6.5 ओवरों में अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। अभी तक टीम के खाते में सिर्फ 81 रन ही जुड़े थे। इसके बाद सलिल अरोड़ा ने नितीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। नीतीश 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सलिल ने 35 रन की पारी खेली। शिवांग कुमार ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि यश राज ने एक विकेट प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button