पैट कमिंस ने वैभव सूर्यवंशी को सराहा, बोले- उनके खिलाफ ज्यादा विकल्प नहीं होते

राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस को भी अपना मुरीद बना लिया है। वैभव ने बुधवार को आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों पर 97 रनों की दमदार पारी खेली जिससे राजस्थान ने जीत दर्ज कर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली। इस मैच में वैभव के पास आईपीएल का सबसे तेज शतक लगाने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। हालांकि, कमिंस ने इस बल्लेबाज का लोहा माना और उनकी जमकर सराहना की।
सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए थे वैभव
राजस्थान के लिए पारी की शुरुआत करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों पर 12 छक्कों और पांच चौकों की मदद से 97 रन की पारी खेली। वैभव के नाम आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक दर्ज होते-होते रह गया। वैभव के दम पर ही राजस्थान की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 243 रन बनाने में सफल रही, जबकि हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई। कमिंस ने रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा, वह काफी अच्छा खेला। पिच बहुत अच्छी थी, लेकिन गलती की गुंजाइश काफी कम होती है। आप यॉर्कर से चूक जाते हैं, लेकिन वह नहीं चूकता। विकेट काफी अच्छा था। हमारी टीम हर लिहाज से बहुत संतुलित है।
कमिंस बोले- गलत समय पर विकेट गंवाए
कमिंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार के बाद स्वीकार किया कि 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी टीम ने कुछ विकेट गलत समय पर गंवाए। कमिंस ने कहा, 244 रन का लक्ष्य हासिल करने के लिए टीम के पक्ष में कुछ चीजों का सही होना जरूरी था, लेकिन हमने गलत समय पर कुछ विकेट गंवा दिए। हम शीर्ष दो में जगह बनाने से बस थोड़ा सा ही दूर रह गए लेकिन लड़कों की कोशिशों पर कोई शक नहीं किया जा सकता। सनराइजर्स के कप्तान ने अपने युवा गेंदबाजों की भी सराहना करते हुए कहा, प्रफुल और साकिब बहुत बढ़िया थे। हम प्लेऑफ में पहुंचने वाली सबसे युवा टीमों में से एक हैं और कोचिंग टीम ने कुछ बेहतरीन हीरे खोज निकाले हैं।




