खबरमध्य प्रदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने जेपी अस्पताल परिसर में किया पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की दिलाई शपथ

भोपाल, 5 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने जयप्रकाश जिला चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री  नरेन्द्र शिवाजी पटेल, अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा  अशोक बर्णवाल, आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा  धनराजू एस., स्थानीय पार्षद  बृजला सचान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भावी पीढ़ियों के लिए सबसे मूल्यवान उपहार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से देश में जन-जागरूकता बढ़ी है, इस दिशा में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने सार्वजनिक स्वच्छता के नियमों का पालन करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण को अपनाने तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली विकसित करने पर भी बल दिया। उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 5 जून को पर्यावरण की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्वभर में मनाया जाता है। वर्ष 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा पर्यावरण संबंधी वैश्विक राजनीतिक एवं सामाजिक चेतना को प्रोत्साहित करने के लिए इस दिवस को मनाने की घोषणा की गई थी। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस “इंस्पायर्ड बाय नेचर, फ़ॉर क्लाइमेट, फॉर अवर फ्यूचर” थीम के साथ मनाया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button