खबरमध्य प्रदेश

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ 14 जुलाई को माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे अभियान का शुभारंभ

मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ 14 जुलाई 2026 को रवीन्द्र भवन, भोपाल में किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा।

इस अभियान में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग की विशेष एवं सक्रिय सहभागिता रहेगी। इन विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस, प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इनमें जागरूकता रैली, संगोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में संवाद, जनचौपाल, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएँ, सोशल मीडिया अभियान तथा नशा मुक्ति विषयक विशेष कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश शासन के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाविद्, समाजसेवी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, युवा एवं विभिन्न वर्गों के नागरिक उपस्थित रहेंगे।

मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने में अपना सहयोग दें तथा “हमारा है यही संदेश, नशा-मुक्त हो मध्यप्रदेश” के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button