दो दशक बाद एमपी-सीजी ने रचा इतिहास, ऑल इंडिया नौ सैनिक कैंप में पहला स्थान

भोपाल। भारतीय नौसेना द्वारा महाराष्ट्र के लोणावला स्थित आईएनएस शिवाजी में आयोजित ऑल इंडिया नौ सैनिक कैंप-2026 में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ (एमपी-सीजी) निदेशालय ने 16 निदेशालयों को पीछे छोड़ते हुए पहली बार ओवरऑल चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU) के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल ने एमपी-सीजी कंटिंजेंट कमांडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे लगातार चार वर्षों से एमपी-सीजी कंटिंजेंट का नेतृत्व कर रहे हैं तथा एमपी-सीजी के बोट पुलिंग प्रशिक्षक भी हैं।
लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए एमपी-सीजी निदेशालय ने पिछले पांच वर्षों में पांचवें स्थान से पहले स्थान तक का शानदार सफर तय किया। इस उपलब्धि के साथ एमपी-सीजी ने कैंप में कुल 18 स्वर्ण, 7 रजत एवं 5 कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं, पिछले चार वर्षों में से तीन वर्षों तक बोट पुलिंग की कॉक ट्रॉफी भी एमपी-सीजी ने जीती, जिसमें लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल के प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
देशभर के लगभग 1,000 कैडेटों की सहभागिता वाले 10 दिवसीय शिविर में ड्रिल, बोट पुलिंग, सीमैनशिप, बोट रिगिंग, सेमाफोर तथा सर्विस सब्जेक्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के दो कैडेटों ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कैडेट जितेन्द्र चिचाम ने बोट पुलिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विश्वविद्यालय एवं एमपी-सीजी का गौरव बढ़ाया, जबकि कैडेट नकुल थोराट ने बेस्ट इन अकादमिक्स श्रेणी में रजत पदक अर्जित किया।
जीत के बाद एमपी-सीजी कंटिंजेंट के जबलपुर लौटने पर जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एनसीसी एमपी-सीजी निदेशालय द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर एनसीसी एमपी-सीजी निदेशालय के निदेशक कैप्टन आलोक श्रीवास्तव, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय जबलपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रितेश बघेल सहित अन्य अधिकारियों और आरएनटीयू की प्रो-चांसलर डॉ अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलगुरु प्रो. रवि प्रकाश दुबे, कुलसचिव डॉ संगीता जौहरी ने कंटिंजेंट, लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल एवं विजेता कैडेटों को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



