अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

श्रद्धालुओं ने प्राचीन कमली मंदिर में भगवान बजरंगबली के चरणों में अर्पित किया प्रार्थना पत्र

भोपाल। प्राचीन कमली मंदिर, घोड़ा नक्कास में श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में प्राचीन मूर्तियों के विस्थापन एवं मंदिर भूमि पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के विरोध में भगवान श्री बजरंगबली के चरणों में प्रार्थना पत्र अर्पित कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धालुओं ने प्रार्थना की कि संबंधित ट्रस्ट को ऐसा निर्णय लेने की सद्बुद्धि मिले, जिससे मंदिर की प्राचीन गरिमा, धार्मिक परंपराएं एवं श्रद्धालुओं की आस्था सुरक्षित बनी रहे।
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने बताया कि प्रार्थना पत्र में बिना पूर्व सूचना प्राचीन एवं प्राण-प्रतिष्ठित मूर्तियों के विस्थापन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें पुनः उनके मूल स्थान पर स्थापित करने तथा मंदिर परिसर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण जैसी व्यावसायिक गतिविधियों को तत्काल रोकने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि कमली दास बाबा की तपोभूमि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए मंदिर से संबंधित प्रत्येक निर्णय धार्मिक भावनाओं, प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करते हुए लिया जाना चाहिए। श्रद्धालुओं ने पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से भगवान श्री हनुमान जी के समक्ष अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
हिंदू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष नरेश राव जाधव ने कहा कि मंदिर हमारी सनातन संस्कृति, इतिहास और आस्था के प्रतीक हैं। कमली मंदिर की मूल पहचान, पवित्रता और धार्मिक गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे, यही सभी श्रद्धालुओं की भावना है।
वरिष्ठ समाजसेवी गोपाल मुखरैया ने कहा कि कमली मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की श्रद्धा और विश्वास का केंद्र रहा है। मंदिर परिसर में होने वाले किसी भी विकास कार्य में धार्मिक परंपराओं, प्राण-प्रतिष्ठित मूर्तियों और सांस्कृतिक विरासत का पूरा सम्मान होना चाहिए।
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि हिंदू समाज सदैव मंदिरों की पवित्रता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्हें विश्वास है कि संबंधित ट्रस्ट श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए ऐसा निर्णय लेगा, जिससे मंदिर की गरिमा और सनातन परंपराएं सुरक्षित बनी रहें।
इस अवसर पर नरेश राव जाधव, गोपाल मुखरैया, दीपक मेहता, राजकुमार वर्मा, विवेक साहू, अवनी शर्मा, उमेश साहू, बबलू जैन, मनोज साहू, रमाकांत तिवारी, राजेश साहू सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button