क्या कुलदीप को मिलेगा मौका? गिल की फिटनेस ने बढ़ाई चिंता; जानें बदलाव की कितनी संभावना

भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे मैच जीतकर ब्रिटेन दौरे पर जीत का स्वाद चखा था। भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज गंवा दी थी, लेकिन गुरुवार को उसके पास वनडे सीरीज अपने नाम करने का मौका रहेगा। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे कार्डिफ में खेला जाएगा, लेकिन इस मैच में यह देखना रोचक होगा कि भारतीय टीम प्लेइंग-11 में बदलाव करती है या नहीं। वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी पहले मैच में बल्लेबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे। ऐसे में वह गुरुवार को होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं इस पर नजरें रहेंगी।
गिल ने बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में भारत की छह विकेट से जीत में 80 रन बनाए थे, लेकिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। भारत उनके जल्द से जल्द फिट होने की उम्मीद कर रहा होगा। पिछले कुछ समय में यह पहला अवसर नहीं है जब गिल को फिटनेस संबंधी समस्या के कारण मैदान छोड़ना पड़ा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गिल की फिटनेस को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि गिल दूसरे वनडे में खेलने उतरेंगे। रोहित को बल्ले से दिखाना होगा दम
- भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर टीम प्रबंधन की नजर होगी जो पहले मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके थे।
- रोहित ने कप्तानी गंवाने के बाद अपने आक्रामक रवैए पर अंकुश लगाया लेकिन उन्हें अभी तक इससे खास फायदा नहीं हुआ है।
- रोहित ने पिछले साल अक्तूबर से 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतकों की मदद से 46.91 के औसत से 563 रन बनाए हैं।
- यह कोई मामूली रिकॉर्ड नहीं है। लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम के मौजूदा हालात ने रोहित के लिए लगभग हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करना अनिवार्य बना दिया है।
- रोहित अब इस स्थिति में है कि वह किसी भी चीज को भाग्य के सहारे नहीं छोड़ सकते हैं क्योंकि भारत के शीर्ष क्रम में ईशान किशन के रूप में विकल्प मौजूद है।
अक्षर-वाशिंगटन का प्रदर्शन सकारात्मक पहलू
भारत के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 2023 विश्व कप फाइनल के बाद पहली बार 50 ओवर के प्रारूप में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इस साल आईपीएल के दौरान बुमराह को लय हासिल करने और विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ा था, लेकिन अब लगता है कि उन्होंने अपनी पुरानी फॉर्म वापस पा ली है। इसी तरह ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर की फॉर्म में वापसी से भी टीम प्रबंधन बेहद खुश होगा।दूसरे वनडे में दिखेगा अलग संयोजन?
- पिछले मैच में जीत के बाद गिल ने संकेत दिए थे कि टीम प्रबंधन परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग संयोजन आजमाएगा।
- सोफिया गार्डेंस की पिच में अक्सर अच्छी उछाल और गति होती है, जिससे तेज गेंदबाजों को मौका मिलता है।
- ऐसे में भारत गुरनूर बरार की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल कर सकता है।
- बरार ने पहले मैच में बेन डकेट और जैकब बेथेल के विकेट लिए लेकिन उन्होंने नौ ओवर में 61 रन लुटा दिए।
- इसका मतलब यह भी है कि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को फिर से बाहर बैठना होगा।
- शिवम दुबे और वाशिंगटन दोनों ने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में टीम प्रबंधन दोनों को एक और मौका दे सकता है।इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, गुरनूर बरार/अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जैकब बैथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग। 

