उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सड़क हादसे में मृत पटेल परिवार के पांच सदस्यों को दी श्रद्धांजलि

मैहर। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को मैहर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तनाजा पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले पटेल परिवार के पांच सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सड़क हादसे में अंकुर पटेल (40), मृदुल पटेल (32), विजय पटेल (30), हरिशंकर पटेल (25) और शिवा पटेल (23) का असामयिक निधन हो गया था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने दिवंगतों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यह क्षति अपूरणीय है और इसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
