डीएफए भोपाल की वार्षिक बैठक सम्पन्न, 16 अगस्त से होगी भोपाल लीग फुटबॉल चैंपियनशिप*
दिनांक *18 जुलाई* को *केडीपीएस स्कूल, भोपाल* में *जिला फुटबॉल एसोसिएशन (डीएफए) भोपाल* की वार्षिक बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में डीएफए भोपाल के पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी पंजीकृत फुटबॉल क्लबों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैठक के दौरान जिले में फुटबॉल एवं फुटसल के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी वर्ष की विभिन्न खेल गतिविधियों, प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों की विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भोपाल की प्रतिष्ठित *”भोपाल लीग फुटबॉल चैंपियनशिप”* का आयोजन *16 अगस्त* से किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं आयोजन हेतु पाँच सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें *श्री जी.के. श्रीवास्तव, श्री अनिल तंवर, श्री तनवीर दाद, श्री गुरविंदर* एवं *श्री मुनीश अग्रवाल* को शामिल किया गया है।
चैंपियनशिप में भाग लेने के इच्छुक क्लब एवं खिलाड़ी *30 जुलाई* तक डीएफए भोपाल के कार्यालय में अपना पंजीयन करा सकते हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि डीएफए भोपाल द्वारा *22 जुलाई* से तीन दिवसीय *रेफरी वर्कशॉप* का आयोजन किया जाएगा। वर्कशॉप के समापन के उपरांत प्रतिभागियों की *25 जुलाई* को अंतिम परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से योग्य रेफरी तैयार कर जिले में फुटबॉल प्रतियोगिताओं के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।



