क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने रिश्ते पर लगाई मुहर, पंजाबी मॉडल समरीन कौर संग शेयर की तस्वीरें

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं पर आखिरकार विराम लगा दिया है। पिछले करीब तीन महीनों से पंजाबी मॉडल समरीन कौर के साथ उनके रिश्ते की खबरें सामने आ रही थीं। अब अर्शदीप ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है।
अर्शदीप सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर समरीन कौर के साथ दो तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन में “My Person” लिखा, जिसके बाद फैंस ने इसे उनके रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि माना। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर दोनों को बधाई देने वालों का तांता लग गया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के अफेयर की चर्चा लगातार हो रही थी। जून महीने में अर्शदीप और समरीन को एक गुरुद्वारे में एक साथ माथा टेकते हुए देखा गया था। इसके बाद कुछ समय के लिए दोनों के ब्रेकअप की अफवाहें भी सामने आई थीं। हालांकि, अब अर्शदीप की इंस्टाग्राम पोस्ट ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। इससे पहले धर्मशाला में भी दोनों को सड़क पर एक-दूसरे का हाथ थामे घूमते हुए देखा गया था, जिसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।
अब सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अर्शदीप सिंह ने साफ कर दिया है कि समरीन कौर उनके जीवन का खास हिस्सा हैं। पोस्ट के बाद फैंस और क्रिकेट प्रेमी दोनों को नए सफर के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

