खबरमध्य प्रदेश

उप मुख्यमंत्री ने जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों को दिलाई की शपथ ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से वरिष्ठ अधिवक्ताओं को किया गया सम्मानित लंबे समय बाद देश सही दिशा में विकास की पटरी पर दौड़ रहा है – उप मुख्यमंत्री

भोपाल 14 अगस्त 2026. नवीन न्यायालय परिसर में जिला अभिभाषक संघ-रीवा के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उन्हें पद की शपथ दिलाई तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ताओं को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर डिजिटल अनुभव प्रमाण पत्र का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऊँचाई पर पहुँचना कठिन नहीं है, बल्कि वहाँ बने रहना कठिन होता है। इसलिए कामना है कि सभी नव निर्वाचित पदाधिकारी दृढ़ संकल्प से अधिवक्ताओं के हित में कार्य करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह न्यायालय सर्व धर्म, समुदाय का परिसर है। यह परिसर अपनी भव्यता से प्रदेश में जाना जाता है। इसकी सुरक्षा, स्वच्छता और सुंदरता का विशेष ध्यान रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। न्यायालय परिसर में पेजल, पार्किंग एवं अधिवक्ताओं के बैठने की उचित व्यवस्था शीघ्र पूर्ण की जा रही है। पेजल की व्यवस्था हेतु 80 लाख रुपये विधायक निधि से प्रदान किए जा रहे हैं। परिसर के पीछे का गेट खोल दिया गया है, जिससे परिसर में प्रवेश करने के लिए 75 प्रतिशत लोगों को सुविधा मिल गई है। सफाई-सुरक्षा कर्मी व आवश्यक मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ट्रिपल एस विजन में कार्य कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि स्पीड, स्केल तथा स्किल मैनपावर के मंत्र पर देश तेज़ी से प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री जी के द्वारा देश के हर घर में मीठा पानी नल से जल पहुँचाने का कार्य अभूतपूर्व है। देश लंबे समय बाद सही दिशा में विकास की पटरी पर दौड़ रहा है। ये सभी कार्य युवाओं पीढ़ी के बेहतर भविष्य का निर्माण के लिए हो रहा है, जेन-जी पीढ़ी को इसे समझने की आवश्यकता है। श्री शुक्ल ने कहा कि जैसे सुंदर फूल में सुगंध न हो तो किसी काम का नहीं, वैसे ही मनुष्य में मानवीयता नहीं तो कुछ नहीं। विश्व में शांति सिर्फ भारत ही ला सकता है। इसलिये विवेकानंद जी ने कहा था कि भारत साल 2047 तक विश्वगुरु बनकर दुनिया का नेतृत्व करेगा। श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में विकास तेजी से हो रहा है और इस विकास यात्रा में सभी का सहयोग निरंतर आवश्यक है।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री राजेंद्र पांडेय द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संघ के सचिव श्री सुलभ पांडे द्वारा किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश मोहन प्रधान, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ राजेंद्र पाण्डेय, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पांडेय, राजेंद्र मिश्रा, अखंड पाण्डेय, घनश्याम सिंह, सुशील तिवारी और शिवेंद्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button