दुनिया में देवभूमि कहीं है तो सिर्फ भारत की भूमि है – उप मुख्यमंत्री शुक्ल
शहर में निकाली गई भव्य कांवड़ यात्रा

भोपाल 16 अगस्त 2026. भगवान शिव की उपासना के पावन श्रावण मास में स्व. विद्यादेवी सेवा संकल्प समिति द्वारा आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सहभागिता कर रीवा के धर्मनिष्ठ नागरिकों के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। ढोल-नगाड़ों, जयघोष के साथ भव्य कांवड़ यात्रा विश्वकर्मा घाट से प्रारम्भ होकर जयस्तंभ, स्टेच्यू चौराहा, फोर्ट रोड होते हुए पचमठा धाम में संपन्न हुई। पचमठा धाम के प्रसिद्ध शिव मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विश्वकर्म घाट से जल लेकर भव्य कावड़ यात्रा में शामिल होकर पवित्र पचमठा धाम में जिस शिवलिंग में आज हम सभी को जलाअभिषेक करने का सौभाग्य मिला है उस शिवलिंग की स्थापना आदि शंकराचार्य जी ने की है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के सामूहिक प्रयास से समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी ताकत को प्रदर्शित करता है, इसे कायम रखना है। यह ताकत बनी रहेगी तो भारत विश्व गुरु अवश्य बनेगा। भारत जब नेतृत्व करेगा तब दुनिया में शांति जरूर होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समुद्र मंथन के समय जब हलाहल निकला तब सृष्टि को बचाने भगवान शिव ने सारा जहर स्वयं ही पी लिया। मान्यता है कि जब हम शिव जी को जल चढ़ाते हैं तो उनके कंठ को ठंडक मिलती है और वे प्रसन्न होते हैं। इसलिए हम सब उनके चरणों में शरणागत हैं। शिवजी की कृपा हम सभी पर बनी रहे, सभी का कल्याण हो, सभी निरोगी हों, सभी सुखी हों, ऐसा आशीर्वाद भोले बाबा हम सभी को प्रदान करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रकार के भौतिक विकास सिर्फ आध्यात्मिक विकास से ही संभव है, जब तक भगवान की कृपा नहीं होगी तब तक कुछ भी संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम सब बेहतर कार्य करें और अपनी आने वाली पीढ़ी को इस प्रकार के धार्मिक कार्य से जोड़ें, उनको संस्कार दें, जिससे उनके कदम गलत रास्ते पर न पड़े क्योंकि यही युवा कल भारत की ताकत बनेंगे। हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत आध्यात्म और धर्म है, यह ऐसी ताकत है जिसके सामने बड़े से बड़ा देश नतमस्तक हो जाता है। दुनिया में देवभूमि कहीं है तो सिर्फ भारत की भूमि है, हमें अपने इस विशेषता को न सिर्फ कायम रखना है बल्कि इसको आगे बढ़ाना है।
इस भव्य कांवड़ यात्रा में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री पंचूलाल प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कांवड़ यात्रा के संयोजक श्री सतीश सोनी एवं बड़ी संख्या में धर्मनिष्ठ श्रद्धालु उपस्थित रहे।





