खेल

350 टेस्ट विकेट पूरे करते ही जडेजा ने हासिल किया कीर्तिमान, कपिल देव की इस एलीट सूची में हुए शामिल

भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान 350 विकेट पूरे कर लिए। जडेजा ने इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में एक विशेष कीर्तिमान हासिल किया है। जडेजा 4000 टेस्ट रन बनाने के साथ ही 350 विकेट लेने वाले भारत के दूसरे ऑलराउंडर हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान कपिल देव की बराबरी कर ली है।

तीसरे दिन हासिल की उपलब्धि 
जडेजा ने गॉल में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन यह उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही जडेजा अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह के बाद टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले सिर्फ पांचवें भारतीय भी बन गए हैं। जडेजा ने 89 मैचों में 4095 रन और 348 विकेट के साथ इस टेस्ट की शुरुआत की थी, यानी उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ दो विकेटों की दरकार थी। उनका 350वां शिकार तब आया जब केशरा नुवान्था ने बाहर जाती हुई गेंद पर ऑफ साइड की तरफ शॉट खेलने का प्रयास किया और शुभमन गिल ने कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत किया। इस तरह जडेजा को उनका ऐतिहासिक विकेट मिला्।

इस उपलब्धि के साथ जडेजा कपिल देव की बराबरी पर आ गए हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर का अंत 5248 रन और 434 विकेट के साथ किया था। इससे पहले केवल तीन अन्य खिलाड़ी ऐसे रहे हैं जिन्होंने 4000 से अधिक टेस्ट रन और 350 से अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है, जिनमें इयान बॉथम (5,200 रन और 383 विकेट), डेनियल विटोरी (4,531 रन, 362 विकेट) और कपिल देव शामिल हैं।टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले तीसरे बाएं हाथ के स्पिनर
जडेजा टेस्ट इतिहास में ऐसे तीसरे बाएं हाथ के स्पिनर हैं जिन्होंने लाल गेंद के प्रारूप में 350 या इससे अधिक विकेट लिए हैं। जडेजा के अलावा श्रीलंका के दिग्गज रंगना हेराथ (433) और न्यूजीलैंड के महान खिलाड़ी डेनियल विटोरी (362) ऐसा कर चुके हैं। इस दौरान जडेजा का स्ट्राइक रेट भी 58.1 का शानदार है, जिसमें कम से कम 125 टेस्ट विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनरों में केवल केशव महाराज का स्ट्राइक रेट ही उनसे बेहतर है।भारत ने ली मजबूत बढ़त
मैच की बात करें तो सोनल दिनुषा और निरोशन डिकवेला ने तीसरे दिन श्रीलंका को फॉलोऑन से बचा लिया, लेकिन भारतीय टीम मजबूत बढ़त लेने में सफल रही। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए और दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर ऑलआउट कर 178 रन की बढ़त ले ली। श्रीलंका के ऑलआउट होते ही बारिश के कारण तीसरे दिन का खेल जल्द समाप्त किया गया। अब चौथे दिन भारत दूसरी पारी खेलने उतरेगा और उसकी नजरें बढ़त को और मजबूत करने पर टिकी होंगी। भारत के लिए पहली पारी में मानव सुथार ने चार विकेट लिए, जबकि जडेजा को तीन विकेट मिले। वहीं, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button