एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय लोहांगी में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

विदिशा। एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय लोहांगी में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के पश्चात रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने स्वच्छंदता एवं स्वतंत्रता के मध्य अंतर को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उन्होंने प्रेरणा दी कि व्यक्ति जो भी कार्य कर रहा है, उसे पूर्ण ईमानदारी से निभाना ही सच्ची देश सेवा है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए। मिष्ठान एवं स्वल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन भूपत सिंह किराने किया।अंत में संस्था प्राचार्य दीपक भार्गव ने सभी उपस्थित अतिथियों व स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कैलाश नारायण जाटव, श्रीमती सुलेखा शर्मा, निरंजन अहिरवार, अनीता शर्मा, मधुबाला श्रीवास्तव, ज्योति अनुरागी एवं नीतू सक्सेना सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।




