
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुख के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने में लगातार छह दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया और यह 3,400 रुपये की बढ़त के साथ 1.59 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार के 1,56,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 3,400 रुपये बढ़कर 1,59,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। चांदी में भी तेजी आई और यह 5,000 बढ़कर 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछली बार चांदी 2,35,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म लेमन के शोध प्रमुख, गौरव गर्ग ने कहा, ”अमेरिकी बान्ड प्रतिफल के हालिया ऊंचे स्तर से नीचे आने के कारण सोने और चांदी में सुधार हुआ, जबकि नए भू-राजनीतिक तनावों के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में इसकी मांग बनी हुई है।”
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि यह सुधार अमेरिकी मौद्रिक नीति की उम्मीदों में बदलाव के प्रति सोने की संवेदनशीलता को दर्शाता है। वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना में 55.76 डॉलर या 1.27 प्रतिशत की बढ़त हुई और यह 4,443.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 65.77 डॉलर प्रति औंस हो गई।



