जहर का इंजेक्शन लगाया, फिर शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर खदान में फेंका, अब पत्नी और प्रेमी की खुली पोल

कोडरमा: झारखंड पुलिस ने बुधवार को कोडरमा जिले में एक महिला को उसके पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के प्रेमी को भी गिफ्तार कर लिया है। पति का शव एक बंद पड़ी पत्थर की खदान में मिला था। पुलिस का आरोप है कि नरेश ठाकुर नाम के पीड़ित की जहर का इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई थी। शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर खदान में फेंक दिया गया था, ताकि उसकी पहचान छुपाई जा सके और सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस के अनुसार, शव 17 अक्टूबर को नवलसाही थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखराही तालाब के पास एक बंद पड़ी पत्थर की खदान से बरामद किया गया था। एफआईआर दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगहर गांव के निवासी नरेश ठाकुर के रूप में हुई।
नरेश की पत्नी किरण का सुनील से था अवैध संबंध
पुलिस ने बताया कि नरेश की पत्नी किरण देवी कोलकाता में रहती थी। किरण का कथित तौर पर कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बहराडीह गांव निवासी सुनील ठाकुर के साथ संबंध था। जांचकर्ताओं का आरोप है कि किरण ने सुनील को बार-बार अपने पति को खत्म करने के लिए उकसाया था। पुलिस के बयान के अनुसार, किरण ने सुनील को फोन पर बताया कि नरेश की तबीयत खराब है और वह इलाज के लिए कोडरमा जा रहा है। सुनील ने नरेश से संपर्क किया और इलाज का इंतजाम करने के बहाने उसे जिले में बुलाया।
इलाज के बहाने नरेश को लगाया गया जहरीला इंजेक्शन
पुलिस का आरोप है कि सुनील, नरेश को अपनी मोटरसाइकिल पर नवलसाही स्थित अपने क्लिनिक ले गया और इलाज के बहाने उसे जहरीला इंजेक्शन लगाया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कथित हत्या के बाद सुनील ने किरण को सूचना दी, जिसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। सुनील ने कथित तौर पर शव को एक पीले प्लास्टिक के बोरे में रखा, उसे अपनी मोटरसाइकिल पर ले गया और रात में एक सुनसान पत्थर की खदान में फेंक दिया।
मृतक का मोबाइल फोन बंदर चौकवा के एक कुएं में फेंक दिया गया था: पुलिस
जांचकर्ताओं ने आगे बताया कि मृतक का मोबाइल फोन बंदर चौकवा के एक कुएं में फेंक दिया गया था, जबकि पहचान पत्रों वाला उसका बटुआ चंचलिनी धाम के पास जिलिमटांड वन क्षेत्र के एक तालाब में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन और बटुआ बरामद कर लिया है।
छापेमारी दल में नवलसाही पुलिस स्टेशन के प्रभारी सुमन कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




