मध्य प्रदेशहेल्थ

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने जिला चिकित्सालय में आईपीएचएल लैब का किया शुभारंभ

एक ही जगह पर मरीजों को मिलेंगी सभी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं

​भोपाल, 05 सितम्बर 2026. ​रीवा के स्वास्थ्य तंत्र को नई मजबूती प्रदान करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल के नए ओपीडी भवन में 125 लाख रुपए की लागत से स्थापित ‘इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी’ (आईपीएचएल) जांच केंद्र का शुभारंभ किया। लोकार्पण के साथ ही उन्होंने लैब की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और तत्पश्चात चिकित्सालय सभागार में स्वास्थ्य अधिकारियों एवं चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के आवश्यक निर्देश दिए।

​इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल की निर्माण एजेंसी द्वारा जिला चिकित्सालय में न्यू ओपीडी ब्लॉक के द्वितीय तल पर निर्मित अत्याधुनिक आईपीएचएल प्रयोगशाला क्षेत्र के आमजन के लिए वरदान सिद्ध होगी। इस केंद्र के शुरू होने से अब जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को गंभीर एवं आवश्यक पैथोलॉजिकल जांच सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क प्राप्त होंगी। अब मरीजों को जांच रिपोर्टों के लिए निजी केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, जिससे सही समय पर त्वरित इलाज संभव हो सकेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि​ विंध्य क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, पारदर्शी और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है। जिला अस्पताल में आईपीएचएल लैब की शुरुआत से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को अत्यधिक राहत मिलेगी और उन्हें निःशुल्क जांचों का लाभ मिलेगा। चिकित्सालय में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और शासन स्तर पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।”

उप मुख्यमंत्री महोदय ने जिला चिकित्सालय के सभागार में बैठक कर अस्पताल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। ​उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों से चिकित्सालय की व्यावहारिक समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा मौके पर ही उनके शीघ्र निराकरण के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को असुविधा नहीं होनी चाहिए और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार दिखना चाहिए।

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय, सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा सहित समस्त चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button