मध्य प्रदेश

विदेशी वस्तुओं रूपी रावण दहन का संदेश देकर मनाया दशहरा उत्सव

सांसद आलोक शर्मा ने स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का किया आह्वान

भोपाल। विजयादशमी के पावन पर्व पर ईदगाह हिल्स स्थित बाजपेयी नगर के झंडा चौक पर राधे-राधे युवा उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य दशहरा उत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में रामभक्त एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए कहा कि स्वदेशी को प्रोत्साहन देना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और देश की आर्थिक मजबूती के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम संयोजक राकेश कुकरेजा ने कहा कि दशहरा उत्सव हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस आयोजन के माध्यम से समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी हमें बुराइयों का त्याग कर सद्गुणों को अपनाने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने और समाज में एकता की भावना को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्सव के दौरान प्रभु श्रीराम, माता सीता, श्री लक्ष्मण एवं प्रभु श्री हनुमान जी की दिव्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मध्य प्रदेश के लोकप्रिय कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई। वहीं, शानदार आतिशबाजी और मुंबई के लोकप्रिय कलाकार जूनियर गोविंदा की विशेष प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। रावण दहन के दौरान उपस्थित रामभक्तों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ उत्सव का आनंद लिया।

कार्यक्रम में महेश मकवाना, राजा शर्मा, हरिओम आसेरी, संदीप कल्याण, अनिल थारवानी, महेश मालवी, अभिषेक मसानी, संजय राठौर, विकास मुहारे, रिंकू चोटाला, गोर्धन अहिरवार, चंदू यादव, जितेंद्र डागोर, राजकुमारी डागोर, सुकांति ठकुरिया, कुसुम हिरवे, मीरा बाई, गोलू राय, सतीश रजक एवं सुनील नीलकंठ सहित हजारों की संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे। राधे-राधे युवा उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button