जनसंपर्क, मीडिया एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ताहिर अली ‘विनय उजाला राष्ट्रीय गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित

जनसंपर्क एवं मीडिया के क्षेत्र में अपने दीर्घ अनुभव और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक एवं वर्तमान में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल के मीडिया सलाहकार के रूप में सेवाएं दे रहे l श्री ताहिर अली को प्रतिष्ठित 13 वें ‘विनय उजाला राष्ट्रीय गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। इंदौर में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीमती पद्मिनी कोल्हापुरे ने श्री ताहिर अली को सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विशिष्ट हस्तियों को समारोह में सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि श्री ताहिर अली ने अपने संवर्ग के क्षेत्र विशेष में दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ शिक्षा, समाजसेवा एवं अन्य सामाजिक क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट योगदान दिया है। उनकी कर्मनिष्ठा, सेवाभाव और दायित्व-बोध को अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय बताते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 12 अलग-अलग विधाओं में प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सिने स्टार श्रीमती पद्मिनी कोल्हापुरे, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री नंदलाल यादव, नगर निगम उज्जैन की सभापति श्रीमती कलावती यादव, समूह संपादिका श्रीमती शोभना मिश्रा, विनय उजाला के एमडी डॉ. वी.के. मिश्रा तथा प्रेस क्लब उज्जैन के कार्यकारी अध्यक्ष श्री विशाल हाड़ा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में प्रशासन, समाजसेवा, शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण एवं कल्याण, सामाजिक कल्याण तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों (गायन आदि) सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
जनसंपर्क क्षेत्र में लंबा अनुभव
श्री ताहिर अली ने जनसंपर्क विभाग में अपने दीर्घ सेवाकाल के दौरान सरकार और मीडिया के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा शासन की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनसंपर्क एवं मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और कार्यशैली को व्यापक रूप से सराहा गया है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे मीडिया सलाहकार के रूप में अपने अनुभव का उपयोग करते हुए सकारात्मक एवं प्रभावी संचार, मीडिया समन्वय और जनहितकारी सूचनाओं के व्यापक प्रसार में योगदान दे रहे हैं।
श्री ताहिर अली ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क केवल सूचना के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और समाज के बीच विश्वास का सेतु है। उन्होंने अपने सेवाकाल में मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए सभी सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।साथ ही विनय उजाला की पूरी टीम को सादर धन्यवाद,आप लोगो ने बड़ी आत्मीयता के साथ सभी को सम्मानित कियाll


