खबरमध्य प्रदेश

न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप, अजाक्स संघ ने पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

एस.एल. सूर्यवंशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, पुलिस आयुक्त ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन

भोपाल। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय कार्यवाहक अध्यक्ष अभियंता एस.एल. सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त भोपाल से मुलाकात कर न्यायालय के आदेश के पालन को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने अजाक्स भवन में पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रवेश को रोके जाने तथा संघ की गतिविधियों में कथित रूप से अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि व्यवहार वाद क्रमांक RCSA/1414/2025 में माननीय न्यायालय द्वारा 3 सितंबर 2026 को आदेश पारित किया गया था। संघ के अनुसार आदेश में प्रतिवादी मुकेश मौर्य को अजाक्स संघ के नाम एवं पंजीयन क्रमांक का उपयोग करने तथा संघ के कार्य संचालन में हस्तक्षेप करने से प्रतिबंधित किया गया है।

अजाक्स पदाधिकारियों का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद पुलिस द्वारा अजाक्स भवन के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को कार्यालय में प्रवेश करने से रोका गया तथा प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में भी अवरोध उत्पन्न किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को न्यायालय के आदेश की प्रति सहित ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय के आदेश के अनुरूप उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अजाक्स प्रांतीय अध्यक्ष भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी संतोष वर्मा, प्रांतीय कार्यवाहक अध्यक्ष अभियंता एस.एल. सूर्यवंशी, प्रांतीय महासचिव गौतम पाटिल, राजवीर अग्निहोत्री, भोपाल जिला अध्यक्ष विनोद बट्टी एवं अशोक बेन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अजाक्स पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और संघ के कार्यालय में कार्य संचालन में किसी प्रकार का अनावश्यक व्यवधान नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button