भगवान देवनारायण की जयंती पर निकाला गया भव्य चल समारोह
कार्यक्रम से सनातन धर्म को मजबूत बनाने का दिया गया संदेश- रामनिवास गुर्जर

भगवान देवनारायण की जयंती रविवार को धूमधाम से मनाई गई। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा द्वारा इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। चल समारोह के बाद सेकंड स्टॉप स्थित गुर्जर भवन में सभा आयोजित की गई। सभा में गुर्जर महासभा के पदाधिकारी शामिल हुए। गुर्जर महासभा के अध्यक्ष रामनिवास गुर्जर ने बताया कि आज भगवान देवनारायण की जयंती पर चल समारोह निकाला गया साथ ही प्रबुद्ध जनों ने इस अवसर पर समाज के विकास और उन्नति के लिए अपनी बातें रखीं। कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व विधायक जोधा राम गुर्जर ने कहा कि यह कार्यक्रम अपनी संस्कृति और सनातन धर्म को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिससे समाज की युवा पीढ़ी को अपना इतिहास जानने में मदद मिल सके। वहीं प्रकाश सिंह गुर्जर और विश्राम सिंह गुर्जर ने भी अपनी बातें रखते हुए समाज के समृद्ध इतिहास पर प्रकाश डाला। गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र पटेल और दिल्ली से आए रामकेश ने कहा कि भगवान कृष्ण की मां यशोदा और नंद बाबा भी गुर्जर समुदाय से थे। इसके अलावा पन्नाधाय भी गुर्जर समाज से थीं। हमारा इतिहास सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से समृद्ध रहा है युवाओं को इससे प्रेरणा लेना चाहिए।




