अध्यात्मखबरमध्य प्रदेश

मंत्री कृष्णा गौर के सानिध्य में संपन्न हुआ क्षमावाणी पर्व

मन की कलुषता दूर करने का पर्व है क्षमावाणी- पंडित नितिन शास्त्री

रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉक्टर श्याम जी कुम्हरे का मिला सानिध्य।

श्री 1008 भगवान महावीर दिगम्बर जैन मंदिर साकेत नगर में क्षमावाणी महोत्सव एवं पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में माननीया श्रीमती कृष्णा गौर जी, राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार” की उपस्थिति में सामूहिक क्षमावाणी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया जिसमें समाज जनों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण एवं भगवान महावीर स्वामी के चित्र अनावरण से हुआ। हेमलता जैन ‘रचना’ ने बताया कि क्षमावाणी के अवसर पर सर्वप्रथम मुख्य अतिथि श्रीमती कृष्णा गौर जी के कर कमलों से मंदिर जी परिसर में वृक्षारोपण किया गया तत्पश्चात क्षमावाणी के पर्व की महत्ता पर बोलते हुए साकेत नगर जैन मंदिर जी के शिलान्यास के वक़्त की मधुर स्मृतियों को ताज़ा करते हुए आप भावुक हो उठीं। सभागार में उपस्थित समस्त समाजनों ने आपको जन्मदिवस की शुभकामनायें दीं। पंडित नितिन जी शास्त्री ने अपने उद्बोधन में क्षमावाणी का मर्म बहुत ही सुंदर व सहज वाणी में सभी के बीच प्रस्तुत करते हुए कहा कि “जहाँ क्षमावाणी का पर्व मन की कलुषता धोने का पर्व है वहीं इसे मैत्री दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। क्षमा मांगने से व्यक्ति छोटा नहीं होता बल्कि और बड़ा हो जाता है। क्षमायाचना सरल ह्रदय की निशानी है अतः हमें पेड़-पौधों से लेकर पशु-पक्षी तक, समस्त प्राणी मात्र पर दया का भाव रखना चाहिए।” उक्त उद्बोधन के बाद साकेत नगर जैन समाज के अध्यक्ष नरेंद्र टोंग्या ने हमेशा की तरह अपने सकारात्मक व ऊर्जावान सम्बोधन से सभी को हर्ष से ओतप्रोत कर दिया। क्षमापना के इस मंगल अवसर पर अध्यक्ष नरेंद्र टोंग्या, कोषाध्यक्ष महेंद्र जैन, सचिव ताराचंद जैन एवं कमेटी के सदस्यों द्वारा अतिथियों का स्वागत-सत्कार तथा विगत दस दिनों तक आयोजित साँस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतरीन प्रस्तुतियां देने वाले विजेताओं को पुरूस्कार वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया वहीं समाज में विशिष्ट सामाजिक योगदान हेतु सदस्यों को भी प्रशंसा-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस शुभ अवसर पर प्रताप वारे, पार्षद सुरेंद्र वाड़िका, पूर्व पार्षद रश्मि द्विवेदी, सुनील द्विवेदी सहित अन्य भाजपा वरिष्ठजन तथा शक्ति/साकेत नगर के समाजजन मौजूद थे।
मंदिर के अध्यक्ष नरेंद्र टोंग्या ने बताया कि इस शुभावसर पर आयोजित मैगा हेल्थ कैंप डॉक्टर प्रखर जी के मार्गदर्शन में अत्यंत सफल रहा। हमने सुबह 10:30 बजे का समय दिया था, लेकिन समाज एवं आमजन की जागरूकता इतनी रही कि लोग सुबह 9 बजे से ही आना शुरू हो गए। बोन डेंसिटी की पूरी टीम विशेष रूप से मुंबई से कार द्वारा आई। इतना विशाल स्वास्थ्य शिविर हमारे समाज में पहली बार आयोजित हुआ। इस शिविर में सभी प्रकार के दर्द निवारण, नेत्र परीक्षण, हार्मोनल समस्या की जांच, बोन डैंसिटी, मधुमेह, थाइराइड, मोटापा के साथ-साथ अन्य निःशुल्क जांचों का समावेश किया गया। क्षमावाणी कार्यक्रम के पूर्व दिवस समिति द्वारा पर्युषण पर्व पर 10 उपवास करने वाले तपस्वियों यथा- यश जैन, स्वाती जैन, राकेश जैन P&G, हेमलता जैन रचना, मनोज जैन (रेलवे), अपर्णा जैन, शोभा हाथी शाह जैन, हर्षित जैन, अमन जैन का उपवास एवं कठिन तपस्या हेतु पारणा एवं सम्मान हेतु कार्यक्रम आयोजित किया। कार्र्यक्रम के पश्चात् समाजजनों ने परस्पर क्षमायाचना कर, गिले-शिकवे दूर कर क्षमावाणी को सार्थकता प्रदान की एवं सामूहिक भोज का आनंद लिया। अध्यक्षीय भाषण नरेन्द्र टोंग्या तथा आभार प्रदर्शन पी. सी. जैन ने किया। मंच संचालन डॉ पारुल जैन तथा डॉ. प्रज्ञा जैन ने किया। संगीत डॉ महेन्द्र जैन ने दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button