अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान : लायन अरुण कुमार सोनी की मंचासीन उपस्थिति में लायंस क्लब विदिशा मेंन ने भी किया सम्मान


विदिशा / 1 अक्टूबर को कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं श्री हरि वृद्ध आश्रम परिसर विदिशा में ‘अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विधिक साक्षरता शिविर एवं आयुष्मान शिविर में शताधिक (100 से अधिक) पेंशनर्स एवं लगभग 180 वृद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि
विधायक मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, ब्रह्माकुमारी सपना दीदी, पेंशन एसोसिएशन अध्यक्ष ओमप्रकाश चतुर्वेदी एवं वृद्धाश्रम से इंदिरा शर्मा, पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी मंचासीन रहे। अतिथियों द्वारा विदिशा नगर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी 106 वर्षीय गुलाब बाई विश्वकर्मा का ‘शतायु सम्मान’ किया गया तथा उपस्थित सभी वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
काव्य रचना और भजनों ने बाँधा समां
समारोह में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक छटा भी बिखरी, जहाँ पेंशनर्स कवियों ने अपनी उत्कृष्ट काव्य रचनाएँ सुनाकर सभी का मन मोह लिया। वहीं शास्त्रीय संगीत के साथ मधुरिम स्वरों में प्रस्तुत भजन-गीतों ने पूरे आयोजन में समां बाँध दिया। राधाकृष्ण आईटीआई के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की तथा एसएसएल जैन कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वरिष्ठजनों के प्रति युवाओं के दायित्वों का प्रभावी ढंग से मंचन किया।
77वें जन्मदिवस पर ओ.पी. चतुर्वेदी को शुभकामनाएँ एवं पेंशनर्स हित में संबोधन
मंच पर उपस्थित अतिथियों के बीच पूर्व लायंस अध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी ने अपने संबोधन में अपने साथी कर्मचारी व सेवानिवृत्त भाई ओ.पी. चतुर्वेदी के 77 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक मंगल शुभकामनाएँ दीं और उनके दीर्घायु व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके उपरांत पेंशनर्स हितार्थ संगठन के जिलाध्यक्ष ओ.पी. चतुर्वेदी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। अपने संबोधन में संगठन की ओर से वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स के हित में शासन से न्यायोचित माँगें लायन अरुण कुमार सोनी के साथ मिलकर प्रस्तुत की गईं, जिनमें:
रेल यात्रा में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करना,
तीर्थदर्शन योजना में पेंशनर्स को शामिल करना,
शासन की विभिन्न समितियों में पेंशनर्स को प्रतिनिधित्व प्रदान करना, तथा
बुजुर्ग वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु ‘डे केयर सेंटर’ खोलना शामिल हैं।
लायंस क्लब विदिशा मेंन ने भी किया वृद्ध जनों का सम्मान
लायंस क्लब विदिशा मां के अध्यक्ष लायन वी पी सिंह, मल्टीपल मल्टीमीडिया प्रभारी लायन अरुण कुमार सोनी, पूर्व अध्यक्ष लायंस शाश्वत शर्मा एवं सक्रिय सेक्रेटरी लायन डॉक्टर अर्पणा शर्मा सहित उपस्थित लायंस पदाधिकारीयों ने इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी वृद्ध जनों का सम्मान दुपट्टा उड़ा कर किया।
कार्यक्रम के अंत में उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं व भरण-पोषण अधिनियम की जानकारी दी। इस गरिमामयी आयोजन में रेडक्रॉस सोसायटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, सामाजिक न्याय विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के अधिकारी व प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


