खबरमध्य प्रदेश

सेवा सेतु शिविर हर पात्र हितग्राही को दे रहा है योजनाओं का लाभ – उप मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री जी की जनसेवा संकल्प से लाखों गरीबों को मिला विकास का अवसर – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल 04 अक्टूबर 2026. सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले भर के नगरीय निकायों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा नगर निगम के टाउनहाल में नगर निगम द्वारा आयोजित शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्षों की जनसेवा पूरी की है। सेवा संकल्प अभियान तथा सेवा सेतु शिविर प्रधानमंत्री जी की जनसेवा के प्रति आभार हैं। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के जनसेवा तथा गरीबों के कल्याण के संकल्प ने लाखों गरीबों को विकास का अवसर दिया है। समग्र स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, गरीब कल्याण नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण योजना, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य विकास योजनाओं ने करोड़ों गरीबों का जीवन बेहतर किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र गरीब को शासन की योजनाओं का लाभ मिले तभी सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य पूरा होगा। प्रत्येक वार्ड में जाकर अधिकारी और कर्मचारी पात्र हितग्राहियों का चयन करके उन्हें विकास योजनाओं का लाभ दें। सेवा संकल्प अभियान के तहत पात्र हितग्राही को लाभान्वित करके उसका विवरण पोर्टल पर दर्ज कराएं, जिससे जिलों के मूल्यांकन रीवा टाप पर रहे। सभी पार्षद भी इस कार्य में अधिकारियों का सहयोग करें। बाणसागर बांध का निर्माण पूरा होने के बाद पूरे विन्ध्य में नहरों का जाल बिछाकर खेतों तक सिंचाई की सुविधा पहुंचाई जा रही है। सिंचाई बढ़ने के साथ फसलों का उत्पादन भी तेजी से बढ़ा है। किसान की आमदनी में भी वृद्धि हो रही है। एयर एंबुलेंस के उपयोग में रीवा जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इसी तरह अन्य योजनाओं में भी रीवा को अव्वल बनाएं। उप मुख्यमंत्री ने सात अक्टूबर को एनसीसी मैदान में आयोजित होने वाले सेवा ज्योति कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सभी को आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ है। अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए सेवा सेतु शिविर लगाए गए हैं। स्वैच्छिक रक्तदान का भी सफल आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री जी 25 वर्षों से गरीबों की अनवरत सेवा कर रहे हैं। हम सब भी जनसेवा और जनकल्याण के कार्यों से प्रधानमंत्री जी के जन्म का उत्सव और 25 वर्षों की जनसेवा का उत्सव मना रहे हैं। समारोह में उप मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, संबल योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। उप मुख्यमंत्री ने मछलीपालक किसान रंजीत केवट को 50 हजार रुपए की लिमिट वाला किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किया। शिविर में आमजनता से आए आवेदन पत्रों का निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्र भरवाए गए। समारोह में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षदगण, श्री राजेश पाण्डेय, श्री राजगोपाल मिश्रचारी, प्रभारी कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, प्रभारी नगर निगम आयुक्त प्रकाश द्विवेदी, प्रभारी एडीएम सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी, अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button