सेवा संकल्प अभियान में उप मुख्यमंत्री ने किया दो भवनों का लोकार्पण सेवा सेतु अभियान प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों की जनसेवा का अभिनंदन है – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल


भोपाल 04 अक्टूबर 2026. सेवा संकल्प अभियान के तहत रीवा विकासखण्ड के ग्राम सगरा में दो भवनों का लोकार्पण किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अटल सुशासन भवन तथा अटल सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। सेवा सेतु अभियान में आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु अभियान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की अनवरत जनसेवा का अभिनंदन है। प्रधानमंत्री जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में गरीबों के कल्याण की दिन-रात चिंता करते हुए सच्चे मन से जनसेवा की है। उन्होंने देश को 2047 तक विकसित और विश्वगुरू बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में हर व्यक्ति योगदान दे। प्रधानमंत्री जी के हर घर में नल से साफ पानी पहुंचाने के जल जीवन मिशन से सगरा पंचायत में भी सभी घरों में मीठा पानी पहुंच रहा है। रीवा में एनसीसी मैदान टीआरएस कालेज में सात अक्टूबर को सेवा ज्योति कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी दिन प्रधानमंत्री जी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जी सुबह 11 बजे वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभा में शामिल होकर हम सबको संबोधित करेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सगरा ग्राम पंचायत को मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें झूलादास मंदिर तथा शिव मंदिर तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम पंचायत को आज अटल सुशासन भवन और सामुदायिक भवन की सौगात मिली है। पंचायत का आधुनिक भवन हमारी कार्य संस्कृति को भी आधुनिक बनाएगा। आज ही ग्राम पंचायत सगरा के 112 पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व योजना से जमीन के अधिकार पत्र दिए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए श्री राजेश पाल ने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से ग्राम पंचायत को दो शानदार भवन मिले हैं। सगरा को वृंदावन गांव बनाकर उप मुख्यमंत्री जी ने हमें विकास का अवसर दिया है। हमें उप स्वास्थ्य केन्द्र की भी सौगात मिली है। कार्यक्रम में श्री राजेश पाण्डेय, श्री राजगोपाल मिश्रचारी, डॉ. भूपेन्द्र सिंह, सरपंच श्रीमती सावित्री पाल, श्री महेन्द्र तिवारी, सरपंच श्रीमती सरोज मिश्रा, श्री प्रदीप गौतम सुमन, स्थानीय जन प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


