खबरदेश

अश्लील डांस बंद कराने गए बिहार के दरोगा का हाई वोल्टेज ड्रामा, डांसर को मारा थप्पड़

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले से पुलिस के हाई वोल्‍टेज ड्रामे का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान में आयोजित भक्ति जागरण के दौरान अश्‍लील डांस हो रहा था. किसी ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी. ऐसे में ड्यूटी पर तैनात दरोगा वहां पहुंचा और मंच पर चढ़कर महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया और धक्का देकर नीचे उतार दिया. इतना ही नहीं, जब ग्रामीणों ने विरोध किया तो दरोगा ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर भीड़ पर तान दी और धमकाया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार देर रात करीब 3 बजे की है. पानगाछी चौक पर दुर्गा स्थान में दुर्गा पूजा के अवसर पर भक्ति जागरण का आयोजन किया गया था. जागरण में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुफस्सिल थाने के दरोगा अनिल कुमार झा को तैनात किया गया था. बताया जा रहा है कि देर रात तक चल रहे कार्यक्रम में कुछ महिला डांसरों द्वारा कथित तौर पर अश्लील डांस किया जा रहा था. दरोगा अनिल कुमार झा कार्यक्रम को बंद कराने के लिए पहुंचे थे. आरोप है कि उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रम बंद करने को कहा, लेकिन आयोजक नहीं माने. इसी बात को लेकर दरोगा का पारा हाई हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दरोगा ने पहले आयोजक के साथ मंच पर ही धक्का-मुक्की की. इसके बाद वह सीधे मंच पर चढ़ गए और डांस कर रही महिला डांसर को थप्पड़ जड़ दिया और धक्का देकर मंच से हटाने लगे. दरोगा की इस हरकत को देख वहां मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई. ग्रामीणों ने दरोगा का विरोध करना शुरू कर दिया और धक्का-मुक्की होने लगी. भीड़ को उग्र होता देख दरोगा और भड़क गए और उन्होंने अपनी कमर से सर्विस पिस्टल निकाल ली.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दरोगा मंच से ही भीड़ की ओर पिस्टल तानकर लहरा रहे हैं और लोगों को धमका रहे हैं. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ देर के लिए जागरण कार्यक्रम भी रुक गया. लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है.

एसपी ने दी सफाई

दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेगूसराय पुलिस हरकत में आई है. बेगूसराय के एसपी मनीष ने इस घटना को लेकर सफाई दी. एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र की वैष्णवी दुर्गा स्थान पानगाछी में पूजा पंडाल और मंच से संबंधित एक वीडियो मिला है. वीडियो में दिख रहा है कि देर रात मंच पर कुछ डांसर अश्लील डांस कर रही हैं. अशोभनीय डांस करने से उत्पन्न अव्यवस्था को नियंत्रित करने के मकसद से वहां तैनात पुलिस पदाधिकारी द्वारा मंच पर चढ़कर डांसर को हटाने तथा आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति दिखाई दे रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button