रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ भव्य गरबा उत्सव
गरबा उत्सव में एक हजार से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, पारंपरिक गरबा-डांडिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल में नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा की आराधना और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को समर्पित भव्य गरबा उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय परिसर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर एवं गरबा ग्राउंड (TNSD) में आयोजित इस उत्सव में एक हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पारंपरिक गरबा-डांडिया, भक्तिमय आरती, भजन और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिनय के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बना चुकीं प्रसिद्ध रंगकर्मी सुश्री श्रुति सिंह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सुविख्यात कथक नृत्यांगना सुश्री क्षमा मालवीय, डॉ. पूजा मेहता, डॉ. दीप्ति महेश्वरी एवं डॉ. अरुणा नंदा सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, आईसेक्ट समूह के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. रवि प्रकाश दुबे, एसजीएसयू के वाइस चांसलर डॉ. विजय सिंह, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव गुप्ता, आईक्यूएसी के डायरेक्टर डॉ. नितिन वत्स, रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी तथा डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. शीतल गुलाटी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मीनारायण मंदिर में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने गरबा ग्राउंड की ओर प्रस्थान किया, जहां अतिथियों एवं निर्णायक मंडल का स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथियों के संबोधन के पश्चात डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने गरबा उत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद टैगोर नाट्य विद्यालय (TNSD) मंच पर गरबा आरती का आयोजन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
उत्सव के दौरान आयोजित गरबा प्रतियोगिता के प्रथम चरण में प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। इसके पश्चात हर्षित चौबे की भजन जामिंग प्रस्तुति ने भक्ति और संगीत का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। वहीं, टेस्ट ऑफ इंडिया के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। निर्णायक मंडल ने स्टॉलों का निरीक्षण कर उनका मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में डांडिया प्रतियोगिता के दूसरे चरण ने उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया। पारंपरिक संगीत की धुनों पर प्रतिभागियों ने उत्साह और उमंग के साथ डांडिया प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद लाइव म्यूजिक पर आयोजित ओपन गरबा में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, संगीत की मधुर धुनों और सामूहिक नृत्य ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद गरबा एवं डांडिया प्रतियोगिताओं और टेस्ट ऑफ इंडिया स्टॉलों के परिणाम घोषित किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन ओपन फ्लोर गरबा के साथ हुआ।
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित इस गरबा उत्सव ने भारतीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और सामूहिक सहभागिता की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने, आपसी सौहार्द बढ़ाने और उत्सव की खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान किया।




