छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी

दुर्गः छत्तीसगढ़ में धान की फसल पककर तैयार होने के साथ ही कटाई का दौर शुरू हो गया है। किसान खेतों में फसल समेटने में जुटे हैं। इसी बीच अब धान खरीदी की भी तारीख सामने आ गई है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद इसकी जानकारी दी है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है। दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को दुर्ग जिले के दौरे पर पहुंचे थे। यहां अहिवारा में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन के साथ-साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। वहीं धान खरीदी को लेकर विपक्ष की ओर उठाए जा रहे सवाल पर उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है।

गढ़फुलझर के दौरे पर भी थे सीएम साय

दुर्ग के दौरे से पहले मुख्यमंत्री साय महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज द्वारा आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने समाज की मांग पर मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2024 में गढ़फुलझर के विकास के लिए किए गए वादे अब धरातल पर साकार हो रहे हैं। सर्वमंगल भवन का निर्माण पूरा होने से सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में लगभग पौने दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी प्रगति पर है, जिस पर लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button