सड़क हादसे में 5 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद बवाल, भीड़ ने पुलिसकर्मियों से की मारपीट, वाहन भी क्षतिग्रस्त

बिहार के समस्तीपुर जिले में सड़क हादसे में पांच वर्षीय एक बच्चे की मौत के बाद कुछ लोगों ने सड़क जाम कर पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की एवं एक सरकारी वाहन में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार को खानपुर थानाक्षेत्र के रेवड़ा सिंघियाही गांव में हुई। पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के एक बयान के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा तब जांच में पता चला कि इस हादसे में बच्चे की मौत हो गई है। बयान में कहा गया है कि इसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ बहस करने के बाद कथित तौर पर हाथापाई की। इस दौरान एक सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि मृत बच्चे के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




