खबर

छेड़खानी के बाद पटरियों पर धकेले जाने से युवती का हाथ कटा; आरोपी गिरफ्तार

पालघर जिले के नायगांव स्टेशन पर एक युवती के साथ ट्रेन में छेड़खानी करने के बाद उसे पटरियों पर धकेलने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पश्चिम रेलवे के अधिकारी ने बताया कि चार नवंबर की शाम को हुई इस घटना में युवती (20) का बायां हाथ कट गया था, उसे तुरंत वसई के जनसेवा अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना जा रहा था लेकिन छह नवंबर को मुंबई के एक अस्पताल में दर्ज कराए गए अपने बयान में युवती ने पुलिस को बताया कि मुंबई से 40 किलोमीटर दूर बोरिवली से नायगांव की ओर लोकल ट्रेन में यात्रा करते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ छेड़खानी की थी।

जब युवती ने नायगांव स्टेशन पर उतरने के बाद उसे टोका तो आरोपी ने उसे कथित तौर पर धक्का दे दिया, जिससे वह ट्रेन के दो डिब्बों के बीच पटरियों पर जा गिरी। ट्रेन की चपेट में आने से उसका बायां हाथ कट गया। इसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने भायंदर जीआरपी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 117(2) के तहत मामला दर्ज किया।

अधिकारी ने बताया कि जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की एक संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। छेड़खानी करने वाले कथित व्यक्ति नायगांव पूर्व निवासी जितेंद्र गिरजप्पा हिरमुखे (53) को नौ नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि बाद में मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित बीएनएस की धारा 109 भी जोड़ दी गई। अधिकारी ने बताया कि आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button