देशविदेश

सऊदी में बेटे को जन्म देने वाली महिला को 100 कोड़े मारने का फरमान; पिता देश छोड़कर भागा, मासूम के साथ दर-दर भटक रही मां

सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने के मामले में केन्या की एक महिला को 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। 40 वर्षीय एस्तेर वांजा मुथोनी पिछले एक साल से अपने छोटे बेटे अबूडी के साथ सऊदी अरब में फंसी हुई हैं। रियाद की एक अदालत ने अक्टूबर में उन्हें शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहराया था। अब उन्हें 100 कोड़े मारने के साथ एक साल तक देश से बाहर रहने की सजा भी सुनाई गई है। हालांकि, कोड़े मारने की सजा कब दी जाएगी, इसकी तारीख अभी सामने नहीं आई है। मुथोनी सऊदी अरब में महारा ह्यूमन रिसोर्सेज नाम की कंपनी के माध्यम से घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात मिस्र के एक व्यक्ति महमूद से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और मुथोनी गर्भवती हो गईं। बाद में महमूद सऊदी अरब छोड़कर चला गया। अगस्त 2025 में मुथोनी ने कंपनी के कर्मचारियों के आवास में बेटे को जन्म दिया। उनकी सुपरवाइजर उन्हें अस्पताल लेकर गईं, जहां अस्पताल के कर्मचारियों ने बच्चे के जन्म की जानकारी पुलिस को दे दी।

 

इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान मुथोनी ने बताया कि उनके बच्चे का पिता देश छोड़कर जा चुका है। इसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई और अक्टूबर में अदालत ने उन्हें शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहरा दिया। रिहा होने के बाद मुथोनी की मुश्किलें और बढ़ गईं। उन्हें कंपनी के कर्मचारियों के आवास में दोबारा रहने की अनुमति नहीं मिली। एक आश्रय गृह ने भी उन्हें रखने से इनकार कर दिया। उन्होंने केन्या के दूतावास से भी मदद मांगी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। आखिरकार वह अपने मासूम बेटे के साथ रियाद के एक पेट्रोल पंप पर रहने को मजबूर हो गईं। वहां कई अन्य प्रवासी महिलाएं भी अपने बच्चों के साथ अपने देश लौटने का इंतजार कर रही थीं। मुथोनी पिछले करीब एक साल से बेटे के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई और जरूरी दस्तावेजों की समस्या के कारण उनकी वापसी नहीं हो पा रही है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक जांच में सामने आया है कि सऊदी अरब में बिना शादी बच्चों को जन्म देने वाली कई महिलाओं को किसी तरह की कानूनी सजा का सामना नहीं करना पड़ा। अखबार ने ऐसी कई महिलाओं से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि उन्हें बच्चे के जन्म के कारण दंडित नहीं किया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मुथोनी के मामले में इतनी कठोर कार्रवाई क्यों हुई। अदालत के फैसले में बच्चे के पिता के खिलाफ किसी कार्रवाई का भी उल्लेख नहीं है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला के मामले में अलग तरह की कानूनी कार्रवाई क्यों की गई। सऊदी अरब में बिना शादी जन्म लेने वाले बच्चों को अक्सर जन्म प्रमाणपत्र हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसका सीधा असर उनकी नागरिक पहचान और यात्रा संबंधी दस्तावेजों पर पड़ता है। जन्म प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात नहीं होने के कारण ऐसे बच्चों के लिए अपनी मां के साथ दूसरे देश जाना भी मुश्किल हो सकता है। मुथोनी और उनके बेटे की परेशानी भी इसी तरह की कानूनी और प्रशासनिक अड़चनों से जुड़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button