
म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर गॉस्पेल और कंट्री म्यूजिक ग्रुप ‘द ओक रिज बॉयज’ के दिग्गज बेस सिंगर रिचर्ड स्टरबन का 83 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके परिवार और बैंड ने शनिवार को उनके निधन की जानकारी दी। रिचर्ड लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। परिवार के मुताबिक, टेनेसी के हेंडरसनविले में ब्रोंकाइटिस और निमोनिया से जुड़ी जटिलताओं के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके जाने से म्यूजिक जगत में शोक की लहर है
1972 से ‘द ओक रिज बॉयज’ का थे हिस्सा
रिचर्ड स्टरबन साल 1972 में ‘द ओक रिज बॉयज’ से जुड़े थे। उन्होंने इस ग्रुप का हिस्सा बनने के लिए एल्विस प्रेस्ली के साथ बैकअप सिंगर के तौर पर काम छोड़ दिया था। उनकी गहरी और दमदार बेस आवाज बैंड की खास पहचान बन गई थी। वह साल 2025 तक ग्रुप के साथ टूर करते रहे, लेकिन स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें स्टेज से दूरी बनानी पड़ी।
‘Elvira’ गाने से मिली दुनियाभर में पहचान
‘द ओक रिज बॉयज’ को उनके मशहूर गाने ‘Elvira’ से खास पहचान मिली। साल 1981 में रिलीज हुआ यह गाना कंट्री म्यूजिक चार्ट पर नंबर 1 और बिलबोर्ड हॉट 100 पर पांचवें स्थान तक पहुंचा था। इसके अलावा बैंड के लोकप्रिय गानों में ‘Bobbie Sue’ और ‘American Made’ भी शामिल हैं। रिचर्ड की खास बेस आवाज ने इन गानों को अलग पहचान दिलाई।
5 ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुका है बैंड
‘द ओक रिज बॉयज’ ने अपने शानदार करियर में पांच ग्रैमी अवॉर्ड जीते और 23 बार इसके लिए नामांकित हुआ। बैंड ने कई अमेरिकी राष्ट्रपतियों के सामने परफॉर्म किया। इसके अलावा ग्रैंड ओले ओप्री और ग्रैमी अवॉर्ड समारोह जैसे बड़े मंचों पर भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। ग्रुप ने जॉनी कैश के साथ टूर किया और पॉल साइमन के हिट गाने ‘Slip Slidin’ Away’ में बैकअप वोकल्स भी दिए।
कई बड़े म्यूजिक हॉल ऑफ फेम में मिली जगह
रिचर्ड स्टरबन और बैंड के अन्य सदस्यों को साल 2015 में कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। इससे पहले साल 2001 में उन्हें वोकल ग्रुप हॉल ऑफ फेम में जगह मिली थी। साल 2011 में वह ग्रैंड ओले ओप्री के सदस्य बने। साल 1994 में उन्हें फिलाडेल्फिया म्यूजिक हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया था।
म्यूजिक जगत ने दी श्रद्धांजलि
कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम के CEO काइल यंग ने रिचर्ड को कंट्री म्यूजिक की एक अहम हस्ती बताया। उन्होंने कहा कि रिचर्ड ने अपनी अनोखी बेस आवाज के जरिए कमर्शियल कंट्री म्यूजिक को उसकी गॉस्पेल जड़ों से जोड़ा। उनके योगदान ने बैंड को 17 नंबर-1 हिट दिलाने और दुनियाभर में प्रशंसक बनाने में अहम भूमिका निभाई। रिचर्ड स्टरबन अपने पीछे पत्नी डोना, बेटियों लॉरेन और टोरी तथा बेटों रिच, डग और क्रिस को छोड़ गए हैं। उनके परिवार में 11 पोते-पोतियां और परपोते-परपोतियां भी हैं। उनके निधन से परिवार, बैंड के सदस्यों और प्रशंसकों में शोक है।




